संकल्प रैली के लिए चंदा लेने वालों पर कराएंगे प्राथमिकी

पटना के गांधी मैदान में तीन मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्प रैली को ऐतिहासिक बनाने की एनडीए तैयारी कर रहा। एनडीए के घटक दलों के जिलाध्यक्षों ने जिला भाजपा कार्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Feb 2019 01:54 AM (IST) Updated:Sat, 23 Feb 2019 01:54 AM (IST)
संकल्प रैली के लिए चंदा लेने वालों पर कराएंगे प्राथमिकी
संकल्प रैली के लिए चंदा लेने वालों पर कराएंगे प्राथमिकी

मुजफ्फरपुर (जेएनएन)। आगामी तीन मार्च को पटना के गांधी मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्प रैली को एनडीए ऐतिहासिक बनाने की तैयारी कर रहा। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान समेत एनडीए के मंत्री भी शामिल होंगे। शुक्रवार को एनडीए के घटक दलों के जिलाध्यक्षों ने जिला भाजपा कार्यालय में संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की। इसमें एक सुर में कहा गया कि रैली के नामपर चंदा वसूली करने वालों की पहचान हो रही। वे पार्टी से भी जुड़े होंगे तो प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। वहीं पिछले दिनों रैली को लेकर की गई बैठक को इन नेताओं ने गलत करार दिया।

भाजपा के जिलाध्यक्ष रामसूरत राय ने कहा कि नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लेने के लिए रैली में जिले के 50 हजार लोग शामिल होंगे। इसमें जिले के जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता व आमलोग शामिल होंगे। जदयू के जिलाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने कहा कि जिले के लोग ही गांधी मैदान को आधा पाट देंगे। इसके लिए एनडीए के दलों की प्रखंडों में भी बैठक होगी। मगर, रैली के नामपर कुछ लोग एनडीए को बदनाम करने की साजिश कर रहे। वे चंदा वसूली में लगे हैं। ऐसे लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया। यह भी कहा कि ट्रेन रूट वाले हाजीपुर तक पहुंच जाएं। वहां बस से सभी को गांधी मैदान पहुंचाया जाएगा। लोजपा के जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि संकल्प रैली से मोदी को फिर पीएम बनाने का संदेश लोगों तक जाएगा। इसे सफल बनाने के लिए गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क किया जा रहा। एनडीए गठबंधन के नेता एकजुट हैं। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अनुशासन समिति के सदस्य रविंद्र प्रसाद सिंह, भाजपा नेता भगवान लाल सहनी, जिला महामंत्री मनोज तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी प्रभात कुमार, सिद्धार्थ कुमार आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी