कटरा में विद्युत आपूर्ति ठप, बकुची पावर ग्रिड में घुसा पानी
बागमती के जलस्तर में लगातार चौथे दिन वृद्धि से कटरा प्रखंड में बाढ़ की स्थिति भयावह हो गई।
मुजफ्फरपुर : बागमती के जलस्तर में लगातार चौथे दिन वृद्धि से कटरा प्रखंड में बाढ़ की स्थिति भयावह हो गई। जलप्लावन से सड़कें वीरान हो गर्इं। गुलजार रहने वाले बकुची चौक पर सन्नाटा छाया रहा। दुकानदार बोरिया बिस्तर समेत पलायन कर गए। लगभग दो दर्जन गांव बाढ़ की चपेट में आ गए। निचले भूभाग पर बसे डेढ़ सौ लोगों के घर में पानी घुस गया। पीड़ितों ने पड़ोसियों की छतों पर शरण ले रखी है। प्रखंड मुख्यालय का संपर्क कटरा उत्तरी भाग की 14 पंचायतों से भंग हो गया है। लगभग डेढ़ लाख की आबादी प्रभावित हो गई है। बाढ़ पीडितों के सामने विकट समस्या बनी हुई है, लेकिन अबतक किसी ने सुध नहीं ली है। सोमवार को जलस्तर में लगभग डेढ़ फीट की वृद्धि हुई। इसके साथ ही बाढ़ का पानी आधा दर्जन नए क्षेत्रों में प्रवेश कर गया। निचले भूभाग में बसे सैकड़ों घरों में पानी घुस जाने से जीवनयापन कठिन हो गया। पतांरी, बकुची, अंदामा, गंगेया और माधोपुर के दर्जनों परिवार बेघर हो गए। अब तक सरकारी स्तर पर कोई मदद नहीं मिली है। लोग पड़ाोसियों के रहमोकरम पर टिके हैं। प्रखंड में नाव की किल्लत है। महज दो सरकारी नाव हैं जिसे परिचालन का आदेश मिला है। वहीं, 4 निजी नावें चलाई जा रहीं हैं। बाढ़ पीड़ितों के सामने पशुपालन भारी चुनौती बन गई है। पशुओं को बांध तथा ऊंचे ठिकाने पर रखा गया है जिनके लिए चारे का प्रबंध कठिन हो रहा है। लोग बांधेंा से या बगीचे से चारा काटकर खिला रहे हैं। मझौली- कटरा मार्ग में दरगाह के पास मुख्य सड़क पर पानी का दबाव बढ़ गया। यहां सड़क टूटने का खतरा बना हुआ है। ऐसा होने पर जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क भंग हो सकता है। बखरी-सोनपुर मार्ग में रिसाव होने लगा है जिसे बचाने में ग्रामीण जुटे हुए हैं। मोहनपुर स्थित स्लूस गेट में तेजी से पानी का रिसाव होने लगा है जिससे खतरा उत्पन्न हो गया है। बेनीबाद-औराई मार्ग में बसघटृा से बर्री तक छह किमी में सड़क पर 3 से 5 फीट पानी बहने से आवागमन ठप पड़ गया है। गंगेया हाईस्कूल में तीन फीट पानी बह रहा है।