कार सवार अपराधियों ने पश्चिम चंपारण के युवक को गोली मारी, जीएमसीएच में भर्ती

बेतिया शहर के राज इंटर कॉलेज के समीप की घटना। सफेद रंग की कार में सवार अपराधियों ने अचानक से फायिरंग शुरू कर दी। दो गाेली सुहैब अख्तर उर्फ लक्की की पीठ को छूते हुए निकल गई। उसके बाद उसे जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Sep 2022 12:11 PM (IST) Updated:Wed, 28 Sep 2022 12:11 PM (IST)
कार सवार अपराधियों ने पश्चिम चंपारण के युवक को गोली मारी, जीएमसीएच में भर्ती
पूर्व के विवाद में घटना होने की आशंका प्रकट की जा रही है। फोटो: जागरण

बेतिया, जासं। नगर के राज इंटर कॉलेज के समीप बुधवार की अहले सुबह करीब तीन बजे कार सवार बदमाशों ने अस्पताल रोड निवासी सुहैब अख्तर उर्फ लक्की (20) को गोली मार दी। दो गोली उसके पीठ को छूते हुए निकल गई है। घायल सुहैब का इलाज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हो रहा है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। अस्पताल में इलाजरत सुहैब अख्तर ने बताया कि जीएमसीएच में उसके एक दोस्त के बहन की डिलीवरी होनी थी। जिसके लिए वह मंगलवार की रात करीब 12 बजे अपने दूसरे दोस्त अस्पताल रोड के आकिब जावेद के साथ जीएमसीएच में आया था। इसी बीच रात 12:30 बजे उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने पूछा कि कहां हो। पूरी बात होने के पहले ही फोन कट गया।

बाइक चलाते समय हुई घटना

सुबह करीब तीन बजे नींद आने लगी तो सुहैब व आकिब चाय पीने के लिए बाइक से मीना बाजार के अवंतिका चौक पर पहुंचे। चाय पीकर दोनों वापस लौट रहे थे। सुहैब बाइक के पीछे बैठा था, जबकि आकिब बाइक चला रहा था। दोनों जंगी मस्जिद की ओर बढ़ने लगे, तभी पीछे से सफेद रंग का एक तेज रफ्तार कार आया। कार में सवार अपराधी फायरिंग करने लगे। कार से फायरिंग होते देख दोनों बाइक लेकर नाजनी चौक की तरफ भागे। लेकिन तब तक दो गोली सुहेब को पीठ छूते हुए निकल गई।

मोबाइल काल की जांच

खुदाबख्श चौक से नाजनी चौक की ओर जाने वाली सड़क ऊंची होने के कारण कार सवार बदमाश राजदेवढ़ी की ओर फरार हो गए। बाद में सुहैब के दोस्त और स्वजनों ने इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इस बावत थानाध्यक्ष राकेश कुमार भास्कर ने बताया कि घटना का कारण प्रथम दृष्टया पूर्व का विवाद प्रतीत हो रहा है। सुहैब अख्तर के बयान पर अज्ञात मोबाइल धारक व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों के पहचान की कोशिश की जा रही है। मामले के पर्दाफाश के लिए तकनीकी सेल की मदद ली जा रही है। 

chat bot
आपका साथी