पति की मौत पर घड़ियाली आंसू बहा रही थी पत्नी, शूटर को दी थी एक लाख की सुपारी; प्रेमी संग मिलकर रची साजिश

मधुबनी में बुधवार को अधेड़ की हत्या मामले में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। महिला ने पति की हत्या के लिए 1 लाख की सुपारी दी थी।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sat, 27 May 2023 04:13 PM (IST) Updated:Sat, 27 May 2023 04:13 PM (IST)
पति की मौत पर घड़ियाली आंसू बहा रही थी पत्नी, शूटर को दी थी एक लाख की सुपारी; प्रेमी संग मिलकर रची साजिश
पति की हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपित पत्नी और प्रेमी। जागरण

मधुबनी, जागरण संवाददाता। मधुबनी जिले के लदनियां थाना क्षेत्र स्थित झलौन कमलपुर गांव में बुधवार को घर में घुसकर रामेश्वर सिंह (55 वर्ष) की गोली मारकर हत्या मामले को पुलिस ब्लाइंड केस मान रही थी। हालांकि, दो दिन में ही पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड और पूछताछ के बाद मामले की गुत्थी सुलझा ली है।

इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस ने खुलासा किया कि रामेश्वर सिंह की पत्नी संजू उर्फ मंजू देवी (50 वर्ष) का रामनारायण मुखिया के साथ प्रेम प्रसंग था। प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने पति की हत्या के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी थी।

लोगों के सामने रो-रोकर कर रही थी नाटक

रामेश्वर सिंह की हत्या के लिए इंद्रदेव सहनी नाम के शूटर को 91 हजार रुपये दे दिये गये थे। इंद्रदेव सहनी ने अपने साथी के साथ मिलकर रामेश्वर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पत्नी संजू देवी रो-रोकर लोगों के सामने नाटक कर रही थी है। वह रह-रहकर बेहोश हो जा रही थी। 

पति की हत्या के बाद रोती-बिलखती पत्नी

घर में घुसकर बदमाशों ने मारी गोली

पुलिस ने बताया कि बुधवार रात करीब डेढ़ बजे अधेड़ रामेश्वर सिंह उर्फ डमर की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुत्र सितेंद्र के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। बयान के अनुसार, रात करीब डेढ़ बजे मृतक की पत्नी पानी लेने के लिए घर से बाहर चापाकल पर गई थी।

हत्या के बाद महिला ने बेटे को बुलाया

इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर उसके पति की कनपटी में गोली मार दी। गोली की आवाज पर ग्रामीणों दौड़े। हालांकि, उससे पहले अपराधी भाग चुके थे। मृतक के बेटे ने बताया कि घर पर उनकी मां और पिता ही रहते थे। मां की सूचना पर सितेंद्र घर आया और पुलिस को घटना की जानकारी दी। 

दूसरे घर पर रहते हैं दंपती के बच्चे

लोगों ने बताया कि डेढ़ किलोमीटर के अंतराल पर मृतक के दो आवासीय घर हैं। एक घर झलौन और दूसरा घर कमलपुर में है। घटना की रात मृतक अपनी पत्नी के साथ कमलपुर स्थित घर पर थे, जो गांव से हटकर है। उनके चार पुत्रों में बड़े पुत्र बाहर थे। शेष तीन बेटे झलौन स्थित आवासीय घर पर थे।

कॉल रिकॉर्ड से खुला राज

पुलिस ने जब छानबीन शुरू की तो मामले में पत्नी की संलिप्तता संदिग्ध नजर आई। महिला का कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकाला गया, जिसमें प्रेमी रामनारायण मुखिया और शूटर के साथ बातचीत का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। 

chat bot
आपका साथी