झूमते-गाते शिवालयों को पहुंचे कांवरिए

By Edited By: Publish:Mon, 14 Jul 2014 07:22 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jul 2014 07:22 PM (IST)
झूमते-गाते शिवालयों को पहुंचे कांवरिए

जेएनएन, मधुबनी : सावन की प्रथम सोमवारी को बोल बम व जय शिव के जयकारे के बीच शिवालयों में शिवलिंग पर हजारों की संख्या में कांवरियों ने कमला व अधवारा समूह की नदियों व भूतही नदी के जल से जलाभिषेक किया।

जिला मुख्यालय के शिवालयों में सोमवार सुबह से ही पूजा अर्चना को लेकर शिवालयों में भीड़ लगी रही। समीपस्थ मंगरौनी गांव में एकादशरूद्र शिवालय में बाबूबरही के पिपराघाट से हजारों की संख्या में कांवरियों ने कमला जल लाकर जलाभिषेक किया।

बिस्फी के भैरवा गांव स्थित उगना महादेव स्थान में हजारों कांवरियों ने जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का कड़ा इंतजाम था। डीएम गिरिवर दयाल सिंह, एसपी मो. रहमान, अहले सुबह ही भैरवा पहुंचकर शांतिपूर्ण जलाभिषेक की निगरानी में लग गए। बलहा घाट से भैरवा तक पुलिस के जवान मौजूद थे। शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। क्षेत्र की संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा बल के साथ-साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए थे। जलाभिषेक के समय किसी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका को ध्यान में रखते हुए सैफ के जवान तैनात किए गए थे। इस बार स्वयं एसडीओ मिथिलेश कुमार मिश्र एवं डीएसपी राजेश सिंह प्रभाकर शिवालय परिसर में रहकर निगरानी में लगे थे। गत वर्षो की अपेक्षा इस बार बलहा घाट से भैरवा तक कांवरियों के लिए सफाई की अच्छी व्यवस्था की गई थी। पूरा माहौल भक्तिमय दिख रहा था। इस अवसर पर पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल, शालीग्राम यादव, संजय यादव, सुशील यादव, रामप्रबोध यादव, कामेश्वर साफी, सुरेन्द्र, मो. अकरम के साथ जिला पार्षद भी सक्रिय दिखे।

रहिका प्रखंड के प्रसिद्ध कपिलेश्वर शिव पर जयनगर के कमला नदी से जल लाकर हजारों की संख्या में कांवरियों ने बोल बम का नारा लगाते हुए जल अर्पित किया। यहां अहले सुबह से ही कांवरियों की भीड़ को देखते हुए मंदिर के कपाट खोल दिए गए थे। पुलिस व स्थानीय नवयुवकों ने कांवरियों को जलाभिषेक करने में मदद की।

बाबूबरही में कमला बलान एवं सोनी नदी के संगम तट पिपराघाट में जल बोझने के लिए कावरियों की भीड़ उमड़ पड़ी। बोल बम के जयकार व मंत्रोच्चार के बीच कावरियों ने जल बोझकर मदनेश्वर, विदेश्वर, मुक्तेश्वर, जटेश्वर, गरीबनाथ आदि मंदिरों की ओर निकल पड़े। इधर लक्ष्मी नारायण मंदिर मे जलाभिषेक को सौ से अधिक कावरियों को भगवा झडा दिखा जदयू के वरिष्ठ नेता व दरभंगा प्रमंडल प्रभारी उपेन्द्र सहनी ने विदा किया।

बासोपट्टी में कल्याणेश्वर शिवालय, मुक्तेश्वर महादेव, मनोकामना महादेव फेंट सहित परसा, चिलमिलिया, महथौर सहित अन्य स्थानों में स्थित शिवालयों में जलाभिषेक किया।

खुटौना में सर्वाधिक भीड़ व चहल पहल बाजार स्थित गरीबनाथ मंदिर में थी। जहां चार बजे सुबह से ही जलाभिषेक आरंभ कर दिया गया। कांवरियों में महिलाओं की संख्या अधिक थी। वहीं जोकही महाकाल व बौरहा प्राचीन शिव मंदिर समेत अन्य शिवमंदिरों में कांवरियों ने जलाभिषेक किया। जयनगर अनुमंडल मुख्यालय से तीन किलामीटर दूर स्थित शिलानाथ शिवालय, उसराही स्थित भूतनाथ शिवालय सहित जयनगर बस्ती स्थित प्राचीन शिवालय में जलाभिषेक करने को कांवरियों का आना जाना शाम तक जारी रहा।

जयनगर स्थित कमला नदी से जल भर कर कांवरियों ने कपिलेश्वर, शिलानाथ, कल्याणेश्वर, जमुनापति रामेश्वरनाथ, जागेश्वर नाथ, रामेश्वर नाथ, पिठवाटोल के भूतनाथ, शिवालयों में जलाभिषेक किया।

राजनगर प्रखंड के सिमरी स्थित भूतनाथ, लडूगांव स्थित गरीबनाथ व नीलकंठ, भटसिमर स्थित नीलकंठ महादेव, राजनगर के रामेश्वरनाथ समेत अन्य शिवालयों में जलाभिषेक को भीड़ रही।

मधवापुर प्रखंड मुख्यालय सहित इलाके के सभी शिव मंदिरों में लोगों ने जलाभिषेक किया। बाबा पंचेश्वरनाथ व बाबा नर्वदेश्वरनाथ महादेव मंदिर मधवापुर में कावरियों का समूह बोल बम का जयकारा लगाते हुए पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के मटिहानी स्थित उत्तर वाहिनी धौस नदी से जल कावर में भर कर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।

पंडौल स्थित भवानीपुर के उगनेश्वर शिवालय सहित विभिन्न शिवालयों में हजारों की संख्या में शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया।

हरलाखी प्रखंड क्षेत्र के सभी शिवालयों में सावन की पहली सोमवारी पर शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई। कल्याणेश्वर महादेव मंदिर एवं मनोकामना स्थान फुलहर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक किया। वहीं उतरा के बमबम भोले कांवरिया संघ के नेतृत्व में धौस नदी पिहवाड़ा से पवित्र जल भरकर दक्षिणेश्वर स्थान उतरा, साहरघाट महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया गया। दक्षिणेश्वर नाथ महादेव मंदिर को नवयुवकों ने फूलों से सजाने से मंदिर परिसर का दृश्य मनमोहक लग रहा था। महादेव मंदिर बसवरिया, बिहारी, सलेमपुर, फुलहर व कलना समेत अन्य शिवालयों में दिन भर भक्तों का ताता लगा रहा।

------------------------

बाक्स में

चप्पे-चप्पे पर थी पुलिस की पुख्ता व्यवस्था

फोटो : 14 एमडीबी 6,21, 22, 23, 34, 35, 37, 38, 39

बिस्फी/ बेनीपट्टी(मधुबनी), संस : जिले में सावन की सोमवारी को भैरवा में होने वाले जलाभिषेक पर सबकी निगाहें थीं। लेकिन यहां जिस प्रकार की इस बार प्रशासनिक व्यवस्था की गई थी उसे देखते हुए उपद्रवी तत्वों ने घर में ही रहना उचित समझा। यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक जलाभिषेक संपन्न हुआ।

इस बार कोकिला चौक से रमुनियां, भैरवा, नरसाम, तीसी, बलहा गांव की सड़क पर चप्पे-चप्पे में पुलिस तैनात थी। कोकिला, भैरवा व रमुनियां गांव की सड़क के दोनों किनारे बांस बल्ला लगाकर घेर दिया गया था। वहां मेटल डिटेक्टर लगाया गया था। डीएम गिरिवर दयाल सिंह, एसपी मो. रहमान, एसडीएम मिथिलेश मिश्र, डीएसपी राजेश सिंह प्रभाकर, पुलिस निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव, बीडीओ मंडन मिश्र सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे। आधे दर्जन से अधिक स्थानों पर चेक पोस्ट बनाए गए थे। जिस पर पुलिस बल नजर रख रहे थे।क्षेत्र की संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा बल के साथ-साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए थे। जलाभिषेक के समय किसी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका को ध्यान में रखते हुए सैफ के जवान तैनात किए गए थे। इस बार स्वयं एसडीओ मिथिलेश कुमार मिश्र एवं डीएसपी राजेश सिंह प्रभाकर शिवालय परिसर में रहकर निगरानी में लगे थे। गत वर्षो की अपेक्षा इस बार बलहा घाट से भैरवा तक कांवरियों के लिए सफाई की अच्छी व्यवस्था की गई थी।

जिलाधिकारी गिरिवर दयाल सिंह एवं एसपी मो. रहमान ने बताया कि 110 मजिस्टेट के नेतृत्व में 800 पुलिस के जवान को चप्पे-चप्पे में तैनात कर दिया गया है। दंगा नियंत्रण फोर्स व बम निरोधक दस्ता को लगाया गया था। वहीं तीन जगहों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। सादे लिबास में जहां पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी वहीं एक दर्जन स्थानों पर सीसी कैमरा लगाए गए थे। पल-पल की वीडियोग्राफी की जा रही थी। डीएम श्री सिंह ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सामाजिक सद्भाव के बीच बाधा डालने व शांति भंग करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। प्रशासन असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने में जुट गई है। जहां सामाजिक सद्भाव व शांति व्यवस्था के बीच बाधा डालने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल, शालीग्राम यादव, संजय यादव, सुशील यादव, रामप्रबोध यादव, कामेश्वर साफी, सुरेन्द्र, मो. अकरम के साथ जिला पार्षद भी सक्रिय दिखे।

chat bot
आपका साथी