माथा टेकने मंदिरों व पूजा पंडालों में उमड़े श्रद्धालु

किशनगंज । नगर सहित प्रखंड ठाकुरगंज क्षेत्र में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक शक्ति क

By JagranEdited By: Publish:Wed, 13 Oct 2021 08:29 PM (IST) Updated:Wed, 13 Oct 2021 08:29 PM (IST)
माथा टेकने मंदिरों व पूजा पंडालों में उमड़े श्रद्धालु
माथा टेकने मंदिरों व पूजा पंडालों में उमड़े श्रद्धालु

किशनगंज । नगर सहित प्रखंड ठाकुरगंज क्षेत्र में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक, शक्ति की देवी मां दुर्गा की आराधना का पर्व दशहरा धूमधाम से मनाया जा रहा है। या देवी सर्वभूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम: की गूंज से हर सारा वातावरण गुंजायमान है। श्रद्धालु अपने मनोकामनाओं को पूरा करने और जीवन को समृद्ध व खुशहाल बनाने के लिए दुर्गा मां की पूजा-अर्चना में लीन हैं। वहीं नगर पंचायत ठाकुरगंज क्षेत्र में नौ स्थानों में स्थापित मंदिरों में सार्वजनिक रूप से दुर्गा पूजा का महोत्सव मनाया जा रहा है।

शिव शक्ति पूजा समिति पावर हाउस, स्वामी विवेकानंद पूजा समिति शीतला मंदिर क्लब फील्ड, कमलेश राइस मिल परिसर भातढाला पार्क, रेलवे ट्रैफिक पूजा रेलवे स्टेशन, रेलवे इंजीनियरिग पूजा पंडाल, विप्लबी क्लब डीडीसी मार्केट, मिलन संघ मल्लाहपट्टी, सार्वजनिक बाजार पूजा समिति ठाकुरगंज तथा मिलन संघ कचहरीपाड़ा में बड़ी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है। दुर्गापूजा को लेकर उक्त सभी पूजा पंडालों व मंदिरों में आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं। पंडालों और मंदिरों को फूल-मालाओं एवं इलेक्ट्रिक बल्बों से सजाया गया है। इसी क्रम में बुधवार को शारदीय नवरात्रि में महाष्टमी (दुर्गा अष्टमी) के दिन मां दुर्गा के महागौरी स्वरूप की आराधना की गई। पूजा-अर्चना को लेकर पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालुओं के लिए महाअष्टमी की पूजा खास होने के कारण पूजा-अर्चना को लेकर सुबह से ही महिलाओं की भीड़ लगी रही। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा एवं परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। पूरा मंदिर प्रांगण मंत्रोच्चार से गूंजता रहा एवं मां भगवती के आठवें स्वरूप महागौरी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और उनसे सदबुद्धि की कामना की तथा अपने और अपने पूरे परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की। बुधवार को महाअष्टमी की पूजा को लेकर मां का दरबार भक्तों से भरा रहा। महाअष्टमी में माता के पूजन के संबंध में पुरोहित पार्वती चरण गांगुली बताते हैं कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान शिव को पाने के लिए कई वर्षों तक मां पार्वती ने कठोर तप किया था, जिससे उनके शरीर का रंग काला हो गया था। जब भगवान शिव उनकी तपस्या से प्रसन्न हुए तो उन्होंने उनको गौर वर्ण का वरदान भी दिया। इससे मां पार्वती महागौरी भी कहलाईं। महाष्टमी या दुर्गा अष्टमी को व्रत करने और मां महागौरी की आराधना करने से व्यक्ति को सुख, सौभाग्य और समृद्धि भी मिलती है। सब पाप भी नष्ट हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार दुर्गा अष्टमी सुकर्मा योग में है। सुकर्मा योग को मांगलिक कार्यों के लिए उत्तम माना जाता है। इधर हर पूजा पंडाल एवं मंदिर में कमेटि के सदस्य पूरी व्यवस्था का ध्यान रख रहे हैं। वहीं प्रशासन द्वारा भी जनता से पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गई है। शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने को लेकर जगह-जगह दंडाधिकारी व पुलिस अधिकारी प्रतिनियुक्त कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं बीडीओ सुमित कुमार, सीओ ओमप्रकाश भगत, सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर सुनील कुमार पासवान, ठाकुरगंज थानाध्यक्ष मोहन कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने नगर व प्रखंड के सभी पूजा पंडालों का बारी-बारी से भौतिक निरीक्षण भी किया और सभी पूजा समिति के सदस्यों को कोविड 19 के प्रोटोकाल के अनुपालन करने के लिए सख्त हिदायत दी।

chat bot
आपका साथी