कैमूर: ट्रैक्‍टर पलटने से महिला समेत दो की मौत-दो घायलों की गंभीर, पुलिस ने JCB की मदद से चारों को निकाला

ग्राम चौरी के निवासी उक्त सभी लोग हाटा में सामान खरीदने के लिए आए थे। सामान खरीदने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर पर सवार होकर वापस अपने गांव चौरी जा रहे थे। तभी ट्रैक्टर कुरईं गांव के पास अनियंत्रित हो गया और NH-219 पर पलटा।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Fri, 26 May 2023 08:05 PM (IST) Updated:Fri, 26 May 2023 08:05 PM (IST)
कैमूर: ट्रैक्‍टर पलटने से महिला समेत दो की मौत-दो घायलों की गंभीर, पुलिस ने JCB की मदद से चारों को निकाला
कैमूर में ट्रैक्टर पलटने से महिला सहित दो की मौत, दो घायल

 संवाद सूत्र, चैनपुर: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में कुरई गांव के पास तेज आंधी पानी के दौरान एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्रैक्टर पर सवार एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। चालक व अन्‍य एक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान ग्रामीण चौरी निवासी स्व. मनोहर साह के पुत्र राकेश जायसवाल और चंद्रमा साह की पत्नी रीता देवी के तौर हुई है। घायलों में रीता देवी का बेटा मंटू शाह और चालक मनोज गुप्ता शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम चौरी के निवासी उक्त सभी लोग हाटा में सामान खरीदने के लिए आए थे। सामान खरीदने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर पर सवार होकर वापस अपने गांव चौरी जा रहे थे। इस दौरान लगभग चार बजे अचानक तेज आंधी चलने लगी। तभी ट्रैक्टर कुरईं गांव के पास अनियंत्रित हो गया और राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 219 के नीचे चाट में पलट गया।

ट्रैक्टर के चारों पहिया ऊपर हो गए और ट्रैक्टर पर बैठे चारों लोग नीचे दब गए। दुर्घटना के समय कोई मौजूद नहीं था, इस कारण जल्दी कोई मदद के लिए नहीं पहुंच पाया। कुछ देर बाद आसपास के लोगों को सूचना मिली तो पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची चैनपुर थाना की पुलिस ने जेसीबी के माध्यम से ट्रैक्टर को हटाते हुए उसके नीचे दबे लोगों को निकाला।

इसमें राकेश जायसवाल और रीता देवी की मौत हो गई थी। घायल चालक मनोज गुप्ता और सवार मंटू को एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजा गया। समाचार प्रेषण तक अभी राहत कार्य में पुलिस जुटी थी। घटनास्थल पर काफी लोगों की भीड़ जुट गई थी। घटना के बाद चौरी गांव में कोहराम मच गया।

chat bot
आपका साथी