लोगों को झुलसा रही पछुआ हवा

By Edited By: Publish:Sun, 20 Apr 2014 11:01 PM (IST) Updated:Sun, 20 Apr 2014 11:01 PM (IST)
लोगों को झुलसा रही पछुआ हवा

जहानाबाद : आग उगलती सूर्य की किरणें लोगों को झुलसा रही है। उसपर पछुआ हवा लोगों को घरों में कैद रहने पर विवश कर रहा है। मौसम के इस कड़े तेवर का असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। दोपहर में तो सड़क और बाजारों में क‌र्फ्यू सा दृश्य उत्पन्न हो रहा है। सरकारी दफ्तरों, स्कूली बच्चों और कामगार मजदूरों पर इसका असर साफ दिख रहा है। जरुरी कार्य से बाहर निकलने वाले लोगों का शरीर मानों सूर्य की तपिश में झुलसा जा रहा है। सुबह और शाम थोड़ी राहत देती है। मगर पूरा दिन लोग हलकान से रहते हैं। हालांकि अभी तो शुरुआत है आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज और तीखा होने की संभावना है। सुबह नौ बजे तक मौसम कुछ ठीक ठाक रहता है। लेकिन उसके बाद जैसे जैसे दिन चढ़ता है। तेज पछुआ हवा और चिलचिलाती धूप लोगों को झुलसाने लगता है। बाहर निकलने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। दो पहिया वाहन चलाने वाले लोग अपने चेहरे को ढककर, मौसम की मार से बचने की कोशिश करते हैं। इस मौसम में काम करने वाले मजदूरों का भी बुरा हाल है। पेड़ों की छांव में कुछ पल आराम कर वे किसी तरह इस झुलसती गर्मी से निजात पाने की कोशिश करते हैं। बहरहाल मौसम के इस कडे़ रुख से आम जनजीवन पर व्यापक असर पड़ रहा है। पूरा दिन सड़क और बाजारों में अपेक्षाकृत सन्नाटा पसरा रहता है तथा शाम में बाजार की रौनक लौटती है। गर्मी की तपिश से राहत पाने के लिए लोग लस्सी के दुकानों की ओर रुख कर रहे हैं। कोल्ड ड्रिक्स की बिक्री भी काफी बढ़ गयी है।

chat bot
आपका साथी