छाड़ी नदी का होगा कायाकल्प, सीएम के निर्देश पर खुलेगा मुहाना

जागरण संवाददाता गोपालगंज शहर के बीचोंबीच से होकर गुजरने वाली छाड़ी नदी का बंद मुहान

By JagranEdited By: Publish:Sun, 23 Jan 2022 11:46 PM (IST) Updated:Sun, 23 Jan 2022 11:46 PM (IST)
छाड़ी नदी का होगा कायाकल्प, सीएम के निर्देश पर खुलेगा मुहाना
छाड़ी नदी का होगा कायाकल्प, सीएम के निर्देश पर खुलेगा मुहाना

जागरण संवाददाता, गोपालगंज : शहर के बीचोंबीच से होकर गुजरने वाली छाड़ी नदी का बंद मुहाना को खोला जाएगा। मुहाने को खोलने के साथ ही छाड़ी नदी में दस स्थानों पर स्लुईस गेट भी लगाया जाएगा, ताकि नदी में पानी का बहाव हमेशा बना रहे। शहर के बीच से होकर गुजर रही छाड़ी नदी की दुर्दशा को लेकर दैनिक जागरण ने 16 दिसंबर के अंक में 'अधर में फंसी छाड़ी नदी को पुराने स्वरूप में लौटाने की योजना' शीर्षक से खबर प्रमुखता देते हुए प्रकाशित की थी। दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद राज्य के सहकारिता मंत्री सुभाष सिंह ने नदी के बंद पड़े मुहाने को खोलने की अपनी पुरानी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। सहकारिता मंत्री की पहल के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नदी के बंद मुहाने को खोलने की दिशा में कार्य करने का निर्देश जल संसाधन विभाग को दिया है।

सूबे के सहकारिता मंत्री सुभाष सिंह ने बताया कि शहर के बीचोंबीच से होकर गुजरने वाली छाड़ी नदी का मुहाना कई साल पूर्व बंद कर दिया गया था। इसके बाद छाड़ी नदी नाले के रूप में तब्दील हो गई। उन्होंने बताया कि जल-जीवन-हरियाली से जोड़ते हुए नदी का मुहाना खोलने की मांग उन्होंने मुख्यमंत्री से की। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार ने जल संसाधन विभाग को नदी का मुहाना खोलने व उसकी सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि जल संसाधन विभाग जल्द ही नदी की सफाई कराने का कार्य करेगा। साथ ही इसके बंद पड़े मुहाने को भी खोल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दियारा इलाके में होने वाली जलजमाव की समस्या का निदान भी किया जाएगा।

भितभेरवा चंवर की जलजमाव समस्या का भी होगा निदान

शहर के बंजारी मोड़ के समीप स्थित भितभेरवा चंवर में बारिश का पानी सालों भर जमा रहने के कारण किसान खेती नहीं कर पाते है। इसके कारण किसानों को काफी नुकसान होता है। सहकारिता मंत्री सुभाष सिंह ने बताया कि शहरी इलाके के साथ ग्रामीण इलाके में होने वाली जलजमाव की समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भितभेरवा चंवर से पानी निकासी को लेकर पूर्व से बनाए गए कई नालों को बंद कर दिया गया है। जिसे चालू कराया जाएगा। साथ ही दियारा इलाके में भी कई गांव में जलजमाव की समस्या का निदान को लेकर भी उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।

हीरापाकड़ में बंद स्लुइस गेट को खोलने का होगा कार्य

गंडक नदी से छाड़ी नदी को जोड़ने वाले हीरापाकड़ में स्लुइस गेट को खोला जाएगा। सहकारिता मंत्री ने बताया कि हीरापाकड़ में बंद पड़े स्लुइस गेट को खोलने के साथ ही अलग-अलग स्थानों पर दस स्लुइस गेट लगाए जाएंगे, ताकि जरूरत के हिसाब से छाड़ी नदी में पानी के बहाव की व्यवस्था हो सके। इसके अलावा नदी की समय-समय पर सफाई भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि गंडक नदी की सफाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी