महाबोधि मंदिर स्थित बैरक में चली गोली, जवान घायल

गया विश्व धरोहर बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर परिसर में सुरक्षा में तैनात एक बीएमपी का जवान बुधवार को गोली लगने से घायल हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 18 Aug 2021 11:53 PM (IST) Updated:Wed, 18 Aug 2021 11:53 PM (IST)
महाबोधि मंदिर स्थित बैरक में चली गोली, जवान घायल
महाबोधि मंदिर स्थित बैरक में चली गोली, जवान घायल

गया : विश्व धरोहर बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर परिसर में सुरक्षा में तैनात एक बीएमपी का जवान बुधवार को गोली लगने से घायल हो गया। कारबाइन की सफाई के दौरान बैरक में चली गोली उसके पैर में लग गई। गोली की आवाज सुनकर मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षा में लगे जवान बैरक पहुंचे तो खून से लथपथ जवान को देखा। उसे आनन-फानन में अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान बक्सर जिले के रहने वाले राम नारायण नट के रूप में की गई है। घटना की जानकारी तत्काल वरीय अधिकारियों को दी गई। कई वरीय अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। इस क्रम में बैरक में रहे महिला व पुरूष जवानों से पूछताछ कर जानकारी ली गई। बीएमपी स्वाभिमान बटालियन का जवान पांच अगस्त से तैनात था।

अचानक फायरिग से मंदिर परिसर और आसपास मचा हड़कंप

कोरोना काल में महाबोधि मंदिर बंद है। चारों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है। इसी बीच बुधवार को अचानक फायरिग की आवाज सुनाई दी। गोली की आवाज से सुरक्षा में लगे अधिकारी और जवानों के कान खड़े हो गए। जवान सतर्क हुए। मोर्चा संभाला। बाद में पता चला कि बैरक में रहे जवान की गलती से कारबाइन से गोली चल गई है। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। कारबाइन की सफाई के दौरान चली गोली महाबोधि परिसर में ड्यूटी के बाद कैंपस में पीछे बने बैरक में जवान रहते हैं। मंगलवार की रात डयूटी करने के उपरांत राम नारायण बैरक में गए थे। बुधवार को वे अपनी कारबाइन की सफाई करने लगे। सफाई के दौरान वे कारबाइन की ट्रिगर को लाक नहीं कर पाए। इस क्रम में लाक तोड़ने के कारण गोली फंस गई। इसी क्रम में अचानक गोली चल गई और वह घायल हो गया। वह यहां पांच अगस्त से ड्यूटी कर रहा था।

घायल जवान खतरे से बाहर

वरीय पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार ने बताया कि महाबोधि परिसर में बने बीएमपी के बैरक में कारबाइन की सफाई के दौरान गोली चली है। घायल जवान का इलाज मेडिकल कालेज सह अस्पताल में चल रहा है। वह खतरे से बाहर है। गोली जवान के पैर में लगी है। मामले की जांच की जिम्मेदारी सिटी एसपी को दी गई है।

chat bot
आपका साथी