विवाहिता की हत्‍या मामले में पति व सास-ससुर समेत सात नामजद, कैमूर की घटना, ग्रामीण कह रहे ये बात

भगवानपुर थाना क्षेत्र के किनरचोला गांव में विवाहिता की हत्या कर उसके शव को जला देने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर विवाहिता के मायके वालों ने उसके पति सास-ससुर सहित कुल सात लोगों को नामजद व पांच अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 10:46 AM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 10:46 AM (IST)
विवाहिता की हत्‍या मामले में पति व सास-ससुर समेत सात नामजद, कैमूर की घटना, ग्रामीण कह रहे ये बात
विवाहिता की हत्‍या मामले की जांच में जुटी पुलिस। सांकेतिक तस्‍वीर

भगवानपुर (कैमूर), संवाद सूत्र। भगवानपुर थाना क्षेत्र के किनरचोला गांव में विवाहिता की हत्या कर उसके शव को जला देने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर विवाहिता के मायके वालों ने उसके पति, सास-ससुर व देवर सहित कुल सात लोगों को नामजद व पांच अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। गुरुवार को भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत नखतौल गांव निवासी मृतका की मां मुन्नी देवी परिजनों के साथ भगवानपुर थाना पहुंची और आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर अपनी पुत्री के ससुराल पक्ष के लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।

दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप 

मुन्नी देवी ने थाना में दिए गए आवेदन में बताया है कि उसकी बेटी शिमला देवी की शादी वर्ष 2012 में किनरचोला गांव निवासी श्री राम के पुत्र टुनटुन राम से हुई थी। दहेज को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा उसके बेटी को मारपीट कर प्रताड़ित किया जा रहा था। इस बीच ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा मारपीट कर कई बार घर से निकाल दिया गया  था। मायके पक्ष के लोगों द्वारा उन्हें कई बार समझाने बुझाने की भी कोशिश की गई। बावजूद बुधवार की देर शाम शिमला देवी की हत्या कर साक्ष्य को मिटाने के लिए शव को रात में ही जला दिया गया। 

पति समेत सास-ससुर व अन्‍य नामजद

पुलिस को दिए गए आवेदन में मां ने ससुर श्रीराम, पति टुनटुन राम, मंटू राम, लाल साहेब राम, पप्पू राम, पिंटू राम, फतेह राम सहित ससुराल पक्ष के कुल सात लोगों को नामजद व पांच अज्ञात को आरोपित किया गया है। पुलिस पदाधिकारी राकेश कुमार रौशन ने बताया कि मृतका के मायके वालों की सूचना के बाद जलाए गए शव वाले स्थल पर पुलिस पहुंची थीं। प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। उधर ग्रामीणों का कहना है कि विवाहिता की किसी ने हत्या नहीं की है, बल्कि उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस से बचने के लिए ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा आनन-फानन में शव को रात में ही जलाकर साक्ष्य को मिटाने की कोशिश की गई।

chat bot
आपका साथी