नक्सल गतिविधियों पर लगाम को पहाड़तली में छापेमारी, औरंगाबाद एसपी ने कहा-नक्सलियों के सफाए का है लक्ष्य

एसपी कांतेश मिश्र के साथ सर्च अभियान में सीआरपीएफ-47 बटालियन के कमांडेंट जियाउ सिंह शामिल रहे। मदनपुर एवं देव के पहाडिय़ों पर सर्च आपरेशन चलाया गया। एसपी ने ग्रामीणों से बातचीत की। कहा- जिले से नक्सलियों का पूर्ण सफाया किया जाएगा।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 06:25 AM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 06:25 AM (IST)
नक्सल गतिविधियों पर लगाम को पहाड़तली में छापेमारी, औरंगाबाद एसपी ने कहा-नक्सलियों के सफाए का है लक्ष्य
पंचायत चुनाव को लेकर नक्‍सली इलाके में चल रहा सर्च अभियान, सांकेतिक तस्‍वीर।

औरंगाबाद, जागरण संवाददाता। त्रिस्‍तरीय पंचायत चुनाव (Bihar Panchayat Chunav 2021) को लेकर एसपी कांतेश कुमार मिश्र नक्सल इलाके में लगातार छापेमारी अभियान चला रहे हैं। एसपी ने बुधवार को नक्सलियों के खिलाफ पहड़तली एवं जंगली इलाके में सर्च अभियान चलाया। मदनपुर एवं देव के पहाडिय़ों पर सर्च आपरेशन चलाया। एसपी ने बताया कि जिले से नक्सलियों का पूर्ण सफाया किया जाएगा। ग्रामीणों के अंदर जो नक्सलियों का भय है उसे दूर किया जाएगा। नक्सल गतिविधियों पर लगाम लगाया जाएगा।

पुलिस व सीआरपीएफ ने चलाया संयुक्‍त अभियान

एसपी ने ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना। कहा कि आप पुलिस को मदद करें, पुलिस आपकी मदद को हमेशा तैयार रहेगी। छापेमारी से ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। पुलिस आपका मित्र है। हम हमेशा आपकी मदद के लिए तैयार हैं। बताया जाता है कि पंचायत चुनाव को लेकर नक्सल इलाके में पुलिस की गतिविधि बढ़ा दी गई है। केंद्रीय बलों के जवानों को इसमें लगाया गया है। एसपी के साथ सर्च अभियान में  सीआरपीएफ-47 बटालियन के कमांडेंट जियाउ सिंह शामिल रहे। अपर पुलिस अधीक्षक अभियान शिव कुमार राव, द्वितीय कमान अधिकारी बृजेंद्र सिंह भाटी, उपकमांडेंट एके झा, मदनपुर कैंप के सहायक कमांडेंट अनीस, देव कैंप से निरीक्षक झुन्नीलाल, कचनपुर के जितेंद्र कुमार सिंह सर्च अभियान में शामिल रहे।

महिलााओं ने मदद की गुहार लगाई

ग्रामीणों ने अधिकारियों से कहा कि जंगल से लकड़ी काटकर जीवन यापन कर रहे हैं। दो वक्त की रोटी का प्रबंध करके पेट भर रहे हैं। महिलाओं ने अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को यथा संभव हर तरह से मदद करने का आश्वासन दिया। एसपी ने जवानों की शारीरिक क्षमता एवं मानसिक दक्षता की तारीफ की। कुछ जवानों को पुरस्कृत करने का निर्णय भी लिया। कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे। हमारा लक्ष्‍य इस इलाके से नक्‍सलियों के पूरी तरह सफाए का है।

chat bot
आपका साथी