डबल मर्डर से कैमूर के रामपुर में दहशत, घटना के दूसरे दिन भी सबार बाजार में पसरा रहा सन्‍नाटा

कैमूर के रामपुर में दो लोगों की गोली मारकर हत्‍या की घटना के दूसरे दिन बुधवार को भी सबार बाजार में सन्‍नाटा पसरा रहा। बाजार की सभी दुकानें बंद रहीं। गाड़‍ियां नहीं चल रही हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस पेट्रोलिंग कर रही है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Wed, 07 Apr 2021 12:31 PM (IST) Updated:Wed, 07 Apr 2021 12:31 PM (IST)
डबल मर्डर से कैमूर के रामपुर में दहशत, घटना के दूसरे दिन भी सबार बाजार में पसरा रहा सन्‍नाटा
सबार बाजार में गश्‍त लगाती पुलिस। जागरण

रामपुर (कैमूर), संवाद सूत्र। प्रखंड क्षेत्र के सबार बाजार में मंगलवार की देर शाम दो लोगों की गोली मारकर हत्‍या की घटना के अगले दिन बुधवार को भी दहशत का माहौल दिखा। अपराधियों ने सबार गांव निवासी राकेश कुमार सिंह उर्फ तिरपन सिंह व थाना क्षेत्र के बहेरी गांव निवासी शिव प्यारे दुबे की गोली मार कर हत्या कर दी। राकेश कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शिव प्यारे दुबे ने सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया।  वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी नदी के रास्‍ते फरार हो गए। घटना के बाद से बाजार की दुकानें बंद हैं। रात में ही पोस्‍टमार्टम करा शव स्‍वजनों को सौंप दिया गया।

बाजार में दूसरे दिन भी पसरा रहा सन्‍नाटा

दूसरे दिन बुधवार को डबल मर्डर के बाद सबार बाजार में पूरी तरह सन्नाटा पसरा दिखा। एक भी दुकानें नहीं खुली। यहां तक की सबार बाजार से होकर आने-जाने वाले सवारी वाहन तक नहीं चले। आपात स्थिति वाले लोग व वाहन ही बाजार से होकर आते-जाते दिखे। डबल मर्डर से परिजनों व ग्रामीणों के आक्रोश को देख सबार बाजार में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। बता दें कि सबार गांव निवासी तिरपन सिंह अपने तीन भाइयों में मझले थे। उनको एक पुत्र व एक पुत्री हैं। जबकि सबार बाजार में चेनारी से आकर बहेरी गांव जाने के लिए टेंपो का इंतजार कर रहे शिव प्यारे दुबे भी गोली के शिकार हो गए और उनकी भी मौत हो गई। उनके साथ उनकी पत्‍नी लीलावती देवी भी थीं। वे अपनी पत्‍नी का इलाज करा कर लौट रहे थे। शिव प्यारे दुबे को दो लड़का व एक लड़की हैं। इसमें एक लड़का और एक लड़की की शादी हो चुकी है।  प्रथम दृष्‍टया पुलिस इसे आपसी रंजिश की घटना बता रही है। बताया जाता है कि पांच की संख्‍या में अाए अपराधियों ने राकेश कुमार सिंह को निशाना बनाकर गोली मारी। इसी दौरान उधर से गुजर रहे शिव प्‍यारे दुबे को भी गोली लग गई।

chat bot
आपका साथी