केंद्रीय कृषि कानूनाें के प्रति भ्रांतियां फैला रहा विपक्ष, किसान सम्‍मेलन कर किसानों को जागरूक करेगी भाजपा

केंद्रीय कृषि कानून के प्रति आम-अवाम को जागरूक करने के लिए भाजपा की ओर से 24 दिसंबर को किसान सम्‍मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें केंद्रीय गृह राज्‍य मंत्री नित्‍यानंद राय मुख्‍य अतिथि होंगे। भाजपा की बैठक में आयोजन पर चर्चा की गई।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Fri, 18 Dec 2020 06:48 AM (IST) Updated:Fri, 18 Dec 2020 02:01 PM (IST)
केंद्रीय कृषि कानूनाें के प्रति भ्रांतियां फैला रहा विपक्ष, किसान सम्‍मेलन कर किसानों को जागरूक करेगी भाजपा
किसान सम्‍मेलन को लेकर भाजपा की बैठक। जागरण आर्काइव

जेएनएन, डेहरी ऑन सोन(रोहतास)। केंद्रीय कृषि कानूनों (Central Agriculture Law) के प्रति भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं। भाजपा की ओर से किसान सम्‍मेलन आयोजित कर इन भ्रांतियों को दूर किया जाएगा। लोगों को बताया जाएगा कि यह कानून उनके लिए कितना अहम है। इससे उन्‍हें क्‍या फायदे होंगे। जिले में भाजपा की ओर से आयोजित होने वाले  किसान सम्मेलन तैयारी के संबंध में गुरुवार को कैनाल रोड स्थित पूर्व विधायक  सत्यनारायण सिंह के आवास पर हुई बैठक में पूर्व विधायक राजेश्‍वर राज ने ये बातें कहीं।उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्‍यक्ति या दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को धूमिल करने का प्रयास करेगा तो पार्टी के कार्यकर्ता व सरकार उसका जवाब देने को तैयार हैं। 

केंद्रीय गृह राज्‍य मंत्री (Union Minister of State for Home) होंगे मुख्‍य अतिथि

जिलाध्‍यक्ष सुशील कुमार की अध्‍यक्षता में हुई बैठक में पूर्व विधायक ने आगामी  24 दिसंबर को सासाराम के  बाल विकास के मैदान में आयोजित  किसान महासम्मेलन में अधिक से अधिक किसानों को भाग लेने के लिए आमंत्रित करने का आह्वान किया। बताया गया कि इस किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री  नित्यानंद राय होंगे। इसे सफल बनाने के  लिए उन्‍होंने कार्यकर्ताओं को जुट जाने की अपील की।

पूर्व विधायक सत्यनारायण सिंह ने कहा कि किसान आंदोलन के नाम पर विपक्षी पार्टियां झूठ का बीज बो  रही हैं। किसानों को बरगलाया जा रहा है। जबकि नया कृषि कानून अन्नदाताओं के हित में है। जब किसान इसे जानेंगे तब पता चलेगा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने उनके लिए कितना ऐतिहासिक कार्य किया है। इसलिए किसान सम्‍मेलन में अधिक से अधिक किसानों को लाकर उन्‍हें इस कानून की जानकारी दी जाएगी। बैठक में पार्टी के प्रदेश मंत्री अजय यादव,  शशि भूषण, भोला सिंह, धीरज तिवारी, अखिलेश सिंह, संजय तिवारी,  संजय गुप्ता, कुंवर सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य  भाजयुमो निर्दोष पांडेय आदि मौजूद थे ।

chat bot
आपका साथी