3 वर्ष में जिले में पथ निर्माण पर खर्चे जाएंगे 5000 करोड़

पेज-फोटो 42 -पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने टिकारी-केसपा-सादीपुर सड़क की आधारशि

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Nov 2018 03:01 AM (IST) Updated:Sat, 03 Nov 2018 03:01 AM (IST)
3 वर्ष में जिले में पथ निर्माण पर खर्चे जाएंगे 5000 करोड़
3 वर्ष में जिले में पथ निर्माण पर खर्चे जाएंगे 5000 करोड़

जागरण टीम, गया/टिकारी : आगामी तीन वर्षो में गया जिले में पथ निर्माण पर पांच हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। टिकारी-बेल्हाडी मार्ग, बेला-पंचानपुर, इच्छापुर-परैया मार्ग का निर्माण भी शीघ्र शुरु किया जाएगा। इसके अलावा गया में जाम से निजात दिलाने के लिए फ्लाई ओवर का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जल्द सर्वे कराया जाएगा।

ये बातें शुक्रवार को टिकारी के बहेलिया बिगहा में टिकारी-केसपा-सादीपुर सड़क के शिलान्यास करने के बाद पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहीं। उन्होंने जनवरी 2020 में इन सड़कों के बन जाने के बाद उद्घाटन की भी घोषणा की।

सभा की अध्यक्षता विधायक अभय कुशावहा, मंच का संचालन भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शभूनाथ केशरी व धन्यवाद ज्ञापन जदयू प्रदेश कार्य समिति के सदस्य चंद्रशेखर सिंह ने सौंपा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा, जदयू जिलाध्यक्ष शौकत अली, जदयू प्रखंड अध्यक्ष कमलेश कुमार कमल, युवा जदयू महासचिव उदय सिंह, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष डॉ. शालिनी कुमारी, नगर पंचायत अध्यक्ष पिंकी कुमारी, उपाध्यक्ष अमित कुमार, क्षितिज मोहन सिंह सहित कई नेता व अधिकारी उपस्थित थे।

क्षेत्रीय सासद सुशील सिंह ने कहा कि राजनीतिक परिस्थिति बदल जाने के कारण निर्माण में विलंब हुआ। उन्होंने सड़क निर्माण में गुणवत्ता और मानक के अनुपालन के लिए विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश देने का मंत्री से आग्रह किया।

क्षेत्रीय विधायक अभय कुशावहा ने पथ निर्माण की स्वीकृति के लिए मंत्री नंदकिशोर यादव को बधाई दी। उन्होंने टिकारी में कई जगहों पर बाईपास सड़क निर्माण की मांग की।

--------

'लालटेन की बिहार

में क्या आवश्यकता'

संवाद सहयोगी, टिकारी:

बिहार में महागठबंधन के बाद पुन: भाजपा एवं जदयू की बनी राजग गठबंधन के बाद टिकारी में पहली बार एक मंच पर भाजपा और जदयू के बड़े नेता दिखे। भाजपा कोटे से पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, भाजपा सासद सुशील सिंह, जदयू के विधायक अभय कुशवाहा मंच से चुनावी बिगूल फूंका। 2019 का लोकसभा एवं 2020 का विधानसभा का चुनाव सामने है। दोनों पार्टी को चुनाव में मजबूत आधार प्रदान के लिए मंत्री नंदकिशोर यादव ने भी कोशिश की। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि जब सड़क, पुल, पुलिया, चौड़ीकरण के माध्यम से सड़कों का जाल बिछ रहा है। घर घर में बिजली पहुंच गई है तो लालटेन की बिहार में क्या आवश्यकता है।

chat bot
आपका साथी