अब मांझी का नीतीश पर वार: सीएम जो सोचते हैं, वह धरातल पर नहीं; अब हम निकालेंगे गरीब संपर्क यात्रा

Bihar Politics पूर्व सीएम व हम पार्टी के संरक्षक जीतनराम मांझी ने बुधवार को प्रेसवार्ता की जिसमें उन्होंने बताया कि हम पार्टी की गरीब संपर्क यात्रा 12 फरवरी से शुरू होगी। इसकी शुरुआत नवादा से की जाएगी। यात्रा के दौरान अधिकारियों की गलतियों को उजागर किया जाएगा।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Thu, 02 Feb 2023 08:46 AM (IST) Updated:Thu, 02 Feb 2023 08:46 AM (IST)
अब मांझी का नीतीश पर वार: सीएम जो सोचते हैं, वह धरातल पर नहीं; अब हम निकालेंगे गरीब संपर्क यात्रा
जीतन राम मांझी ने गया में प्रेसवार्ता की

जागरण संवाददाता, गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में समाधान यात्रा के जरिये लोगों से जनसंपर्क कर रहे हैं। अब हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) भी गरीब संपर्क यात्रा निकालेगी। इसमें अधिकारियों की खामियों को सामने लाया जाएगा।

पूर्व सीएम व हम पार्टी के संरक्षक जीतनराम मांझी ने बुधवार को शहर के गोदावरी स्थित हम के केंद्रीय कार्यालय में प्रेसवार्ता की, जिसमें उन्होंने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम पार्टी की गरीब संपर्क यात्रा 12 फरवरी से शुरू होगी। इसकी शुरुआत नवादा से की जाएगी।

12 और 13 फरवरी को यह संपर्क यात्रा नवादा, 14 फरवरी को जहानाबाद, 16 फरवरी को अरवल, 17 और 18 फरवरी को औरंगाबाद और 20, 21, 22 फरवरी को गया में होगी। वहीं, 26 फरवरी को गया के गांधी मैदान में जनसभा होगी।

प्रेस वार्ता के दौरान जीतनराम मांझी ने नीतीश सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जो सोचते हैं, वह धरातल पर नहीं है। नीतीश कुमार अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों की गलती के चलते पदाधिकारी गलतियां करते जा रहे हैं। इसी को लेकर हम गरीब संपर्क यात्रा के दौरान सूचना ग्रहण करेंगे कि कहां-कहां आवास, नल-जल, राशन कार्ड, भूमि सुधार में गड़बड़ियां की गईं हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में अमीर और गरीब दो जाति है। गरीबों को ज्यादा झेलना पड़ता है।

प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के प्रधान महासचिव राजेश पांडे, राष्ट्रीय संगठन प्रभारी कौशलेंद्र कुमार,राष्ट्रीय सचिव सह प्रवक्ता नंदलाल मांझी, जिलाध्यक्ष नारायण प्रसाद मांझी,छोटू कुशवाहा, जिला संगठन प्रभारी, दीना मांझी, राकेश कुमार,आयुष पासवान उपस्थित रहे।

बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा के बगावती तेवर पर पूर्व जीतन राम मांझी ने कहा था कि बिहार में चाहे कुछ भी हो, उनकी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा पार्टी हमेशा से नीतीश कुमार के साथ खड़ी रही और आगे भी खड़ी रहेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जहां-जहां जाएंगे, पीछे-पीछे मेरी पार्टी भी जाएगी। अब पूर्व सीएम मांझी नीतीश कुमार के जवाब में गरीब संपर्क यात्रा निकाल रहे हैं।

chat bot
आपका साथी