रोहतास किला पर 12.65 करोड़ रुपये की लागत से होगा रोपवे का निर्माण, बरसात के बाद काम शरू करने का निर्देश

बिहार में रोहतास स्थित रोहतास किला पर रोपवे का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए सरकारी की तरफ से 12.65 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। जानकारी के मुताबिक बरसात खत्म होने के बाद काम शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

By Rahul KumarEdited By: Publish:Wed, 08 Jun 2022 04:08 PM (IST) Updated:Wed, 08 Jun 2022 04:08 PM (IST)
रोहतास किला पर 12.65 करोड़ रुपये की लागत से होगा रोपवे का निर्माण, बरसात के बाद काम शरू करने का निर्देश
रोहतास किले पर होगा रोपवे का निर्माण। जागरण

संवाद सहयोगी, डेहरी आन सोन (रोहतास)। कैमूर पहाड़ी स्थित ऐतिहासिक रोहतास किला तक जाने को रोपवे का निर्माण 12 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से बरसात बाद प्रारंभ हो जाएगा। रोहतास प्रखंड मुख्यालय के पास से किला के चौरासन मंदिर तक रोपवे का निर्माण होना है। बिहार पुल निर्माण निगम के उप मुख्य अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि रोपवे निर्माण की सभी तकनीकी बाधाओं को दूर कर लिया गया है। इसकी निविदा आदि भी निकाली गई है। बरसात बाद रोपवे निर्माण का कार्य आरंभ हो जाएगा।

सीएम नीतीश ने की थी विकास की घोषणा 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2012 में किला के निरीक्षण कर इसके विकास की घोषणा की थी। उसी वर्ष राज्य सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 1500 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतास किला तक रोपवे निर्माण का फैसला लिया था। रोपवे निर्माण व चौरासन मंदिर से किला तक सड़क निर्माण को 12 करोड़ 65 लाख रुपये स्वीकृत किया था। इसके टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। केंद्रीय वन व पर्यावरण मंत्रालय से कैमूर वन अभ्यारण्य में स्थित रोहतास किले तक रोपवे निर्माण की एनओसी गत वर्ष मिली थी।

एक दशक से चल रही है कवायद 

रोहतास किला तक रोपवे के अलावा चौरासन मंदिर से किला तक व रोहतास से अधौरा तक सड़क निर्माण की कवायद एक दशक से अधिक समय से चल रही है। तत्कालीन एसपी विकास वैभव ने 2008 में नक्सल उन्मूलन व पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर राज्य सरकार को रोहतास से अधौरा तक सड़क व पर्यटन को बढ़ावा देने को ले रोपवे निर्माण का प्रस्ताव भेजा था। उनकी सोच थी कि पर्यटन विकास से क्षेत्र में नक्सलवाद, बेरोजगारी व श्रम शक्ति का पलायन रुक सकता है। 14-15 जून 2010 को उन्होंने डालमियानगर में रोहतास किला के आसपास के गांव के 80 युवकों को टूरिस्ट गाइड का प्रशिक्षण भी दिया था।

बिहार पुल निर्माण निगम के उप मुख्य अभियंता सुनील कुमार का कहना है कि रोपवे निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। 12.65 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले रोपवे निर्माण को कार्य एजेंसी को आदेश निर्गत किया जा चुका है। वन विभाग से एनओसी प्राप्त हो गया है। पर्यावरण मंत्रालय की आपत्तियों का निपटारा कर दिया गया है। दो माह में उनसे भी अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने की उम्मीद है ।

chat bot
आपका साथी