फिल्म के माध्यम से गांधी व चंपारण की भूमिका होगी जीवंत

महात्मा गांधी के चंपारण आने और उसके बाद प्रारंभ सत्याग्रह की कथा को जीवंतता प्रदान करने के लिए युवराज मीडिया एंड इंटरटेनमेंट ने चंपारण सत्याग्रह नाम से वेब सीरीज और भव्य फिल्म बनाने की कवायद तेज कर कर दी है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 28 Dec 2019 12:01 AM (IST) Updated:Sat, 28 Dec 2019 12:01 AM (IST)
फिल्म के माध्यम से गांधी व चंपारण की भूमिका होगी जीवंत
फिल्म के माध्यम से गांधी व चंपारण की भूमिका होगी जीवंत

मोतिहारी । महात्मा गांधी के चंपारण आने और उसके बाद प्रारंभ सत्याग्रह की कथा को जीवंतता प्रदान करने के लिए युवराज मीडिया एंड इंटरटेनमेंट ने 'चंपारण सत्याग्रह' नाम से वेब सीरीज और भव्य फिल्म बनाने की कवायद तेज कर कर दी है। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में चंपारण की भूमिका पर और गांधी की सामाजिक क्रांति को भी फिल्म के माध्यम से आम जनमानस तक पहुंचाया जाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को गांधी संग्रहालय में पूर्व मंत्री सह गांधीवादी ब्रजकिशोर सिंह की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए पत्रकार अनिल तिवारी ने कहा कि मौजूदा दौर में गांधी के संपूर्ण व्यक्तित्व को आम जन मानस खासकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। गांधी व आंबेडकर को बहुत से लोग आजतक सही मायने में समझ नहीं पाए हैं। ऐसे ही लोग गांधी व आंबेडकर का नाम लेकर हिसंक आंदोलन करते हैं। जबकि गांधी व आंबेडकर ने जीवन में कभी हिसा का सहारा नहीं लिया। ऐसे सकारात्मक पक्ष को समाज के बीच लाना समय की मांग है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता राय सुंदरदेव ने कहा कि यह अफसोस की बात है कि वैश्विक स्तर पर गांधी की प्रतिष्ठा कायम होने के बाद भी भारत में बहुत लोगों के बीच गांधी को लेकर भ्रम है। ऐसे लोगों को गांधी का जीवन दर्शन और उनके देश व समाज हित में किए गए कार्यों को लाना काफी सराहनीय कदम है। अध्यक्षीय संबोधन में पूर्व मंत्री ब्रजकिशोर सिंह ने कहा कि चंपारण के कण-कण में बापू की आत्मा विद्यमान है। देश की आजादी की बात हो या फिर समाज में व्याप्त कुरीतियां उन्होंने हर मोर्चे पर संघर्ष कर देश व समाज को दिशा दी। गांधी के विचारों का प्रवाह जरूरी है ताकि नई पीढ़ी जागरूक हो सके। राजनीतिक सामाजिक कार्यकर्ता अमरेंद्र सिंह ने गांधी पर बन रही फिल्म में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। वहीं युवा गांधीवादी आलोक कुमार सिंह ने चम्पारण में गांधी से जुड़े स्थलों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार के प्रयास से इन स्थानों का जीर्णोद्धार कराया गया है और आगे भी काम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी का जोर शिक्षा पर था फिल्म में इन विषयों को समाहित करने की जरूरत है। गौरीशंकर स्कूल के सेवानिवृत्त प्राचार्य सह पेंशनर समाज के सचिव देवेंद्र सिंह ने कहा कि गांधी पर तो बहुत सारी फिल्में बनी है मगर चंपारण के संदर्भ में यह पहली फिल्म होगी से सीरिज में दिखाई जाएगी, यह बहुत खुशी की बात है। जिला विद्यालय निरीक्षिका शशिकला ने भी गांधी व चंपारण पर बन रही फिल्म के प्रयास की सराहना की और कहा कि इससे नई पीढ़ी को बहुत फायदा होगा। महिला समाजसेवी पूनम देवी ने फिल्म की शूटिग स्थानीय स्तर पर कराने तथा इसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने की मांग की। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश अस्थाना ने कहा कि इस फिल्म में सत्याग्रह आंदोलन में पंडित राजकुमार शुक्ला की भूमिका को जीवंत करने का प्रयास किया जाएगा। युवराज मीडिया एंड इंटरटेनमेंट द्वारा कॉरपोरेट रूप में बन रही यह वेब सीरीज गांधीवादी ब्रजकिशोर सिंह लिखित पुस्तक 'चंपारण में बापू' पर आधारित है।

इनसेट

डा. राजेश अस्थाना के जिम्मे फिल्म की परिकल्पना, स्क्रिप्ट, संवाद, अभिनय व निर्देशन

मोतिहारी : युवा फिल्मकार ई. युवराज द्वारा निर्मित वेब सीरीज एवं फिल्म 'चंपारण सत्याग्रह' की परिकल्पना, स्क्रिप्ट, संवाद, अभिनय एवं निर्देशन का जिम्मा डा. राजेश अस्थाना कर रहे हैं। एसोसिएट निर्देशक युवा निर्देशक अमृत अभिषेक हैं। फिल्म के गीतकार पंडित अश्विनी कुमार आंसू हैं। संगीतकार स्नेहाशीष शिबू देब हैं। फिल्म में छायांकन अशोक माही का है। संपादन बिहार के चर्चित फिल्म संपादक रौशन जमाल के हैं। कला निर्देशन ऐतिहासिक सेट बनाने में माहिर आर रामचंद्रन और सुधांशु शर्मा के हैं। कलाकारों में महात्मा गांधी की भूमिका में पुष्कर चौहान, पंडित राजकुमार शुक्ल की भूमिका में स्वयं डॉ. राजेश अस्थाना, मौलाना मजहरूल हक के रूप में खुर्शीद आलम, उनके सहकर्मी बाबू ब्रजकिशोर प्रसाद के रूप में प्रो. ब्रजकिशोर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद के रूप में पिकू श्रीवास्तव, डा. अनुग्रह नारायण सिंह के रूप में सत्यप्रकाश को साइन किया गया है। इनके अलावा अन्य कलाकारों का चयन जारी है।

chat bot
आपका साथी