ससुरालवालों ने दुधमुहे बच्चे के साथ खुश्बू को घर से निकाला

दरभंगा, जासं : दहेज लोभियों ने एक बार फिर से मिथिला की भूमि को कलंकित किया है। ससुरालवालों ने दहेज क

By Edited By: Publish:Sun, 29 Mar 2015 01:09 AM (IST) Updated:Sun, 29 Mar 2015 01:09 AM (IST)
ससुरालवालों ने दुधमुहे बच्चे के साथ खुश्बू को घर से निकाला

दरभंगा, जासं : दहेज लोभियों ने एक बार फिर से मिथिला की भूमि को कलंकित किया है। ससुरालवालों ने दहेज के कारण खुश्बू को दुधमुंहे बच्चे के साथ घर से निकाल दिया। इस संबंध में खुश्बू के आवेदन पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। खुश्बू ने बताया कि उसकी शादी 13 मई 2011 को नगर थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर मोहल्ला निवासी विनोद सिन्हा के पुत्र पारस सिन्हा के साथ हिन्दू रीति रिवाज से हुई थी। शादी के बाद से ही पति पारस सिन्हा, सास वीणा सिन्हा, ससुर विनोद सिन्हा, ननद पुष्पा सिन्हा, विलक्ष्मी सिन्हा चार चक्के वाहन के लिए मुझे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। उसने बताया कि इसी कारण मेरे पिता की मौत पिछले साल जनवरी में घुट-घुटकर हो गई। उसने बताया कि सामाजिक लोक लाज के डर से पहले घरेलू स्तर पर ही मान-मनौव्वल का प्रयास किया गया। इसके बाद महिला संगठन ने भी ससुरालवालों को समझाने का प्रयास किया। बात नहीं बनने पर वह पहले भी महिला थाना गई। थाना स्तर से समझौता कराया गया। इसके बाद वह ससुराल गई। लेकिन, चार दिनों के बाद ही उसे फिर से प्रताड़ित किया जाने लगा। इस बीच 16 मार्च को उसके साथ फिर से मारपीट कर घर से निकालने का प्रयास किया गया। लेकिन, वह घर से नहीं निकली। इसके बाद 26 मार्च की शाम घर से निकलने का फिर से दबाव दिया जाने लगा। नहीं मानने पर 13 महीने के बेटे को ससुरालवालों ने गोद से छीनकर पटक दिया, जिससे उसकी ठुढ्डी फट गई। जब वह उसका खून देखकर गोद में उठाई तो ससुरालवाले ने उसके साथ भी मारपीट की और घर से निकाल दिया। खुश्बू ने कहा कि उसे एसएसपी मनु महाराज से न्याय का भरोसा है।

-------------

chat bot
आपका साथी