Buxar में बदमाशों का आतंक, मजदूर को गोली मारी, यूपी के युवक और डेयरी गाड़ी पर भी की फायरिंग; लोगों में आक्रोश

Bihar Crime ईसापुर-परसथुआ मुख्य मार्ग पर बदमाशों ने बुधवार की रात तांडव मचाया। बदमाशों ने पहले तो एक मजदूर को गोली मार दी। फिर डेयरी गाड़ी से लूट करने की नीयत से उसपर भी फायरिंग की। एक ही रात में तीन फायरिंग की वारदात से लोगों में आक्रोश है।

By Dilip KumarEdited By: Publish:Thu, 25 May 2023 03:12 PM (IST) Updated:Thu, 25 May 2023 03:12 PM (IST)
Buxar में बदमाशों का आतंक, मजदूर को गोली मारी, यूपी के युवक और डेयरी गाड़ी पर भी की फायरिंग; लोगों में आक्रोश
Buxar में बदमाशों ने मजदूर को मारी गोली

संवाद सहयोगी, राजपुर (बक्सर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ईसापुर-परसथुआ मुख्य मार्ग पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने शाम को अंधेरा होते ही तांडव मचाया। जमुना पोखरा के समीप नकाबपोश अपराधियों ने एक मजदूर को गोली मार दी। वहीं, डेयरी गाड़ी पर भी लूट के नीयत से अपराधियों ने फायरिंग की।

जानकारी के अनुसार, ईसापुर-परसथुआ मुख्य मार्ग पर जमुना पोखरा के समीप नकाबपोश अपराधियों ने एक मजदूर को गोली मार दी। जख्मी मजदूर मंगराव गांव का रहने वाला हरेराम राजभर बताया जा रहा है। उसका इलाज वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार राजेंद्र राजभर का पुत्र हरेराम राजभर रोजी-रोटी के लिए गांव से लगभग 15 किलोमीटर दूर चौसा स्थित थर्मल पावर प्लांट में काम करता है। हर रोज की तरह बुधवार की शाम भी वह काम करने के बाद वापस घर लौट रहा था।

हरेराम जमुना पोखरा के समीप पहुंचा, तब तक अंधेरा हो गया था। इस बीच एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश उसे रोक कर रास्ता पूछने लगे। इसके बाद अपराधियों ने उससे मोबाइल छीनने की कोशिश की। हरेराम के विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी।

हरेराम को दाहिने हाथ में गोली लगी। घायल हालत में वह चिल्लाते हुए संगराव बाजार पहुंच गया। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। तत्काल इसकी सूचना राजपुर पुलिस को दी गयी।

मौके पर पहुंची पुलिस इसे अपने अभिरक्षा में लेकर सीएचसी केंद्र में इलाज कराया। जहां से बेहतर इलाज के लिए पहले बक्सर सदर अस्पताल और बाद में वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

जान बचाकर भागा डेयरी गाड़ी का ड्राइवर

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि नकाबपोश अपराधी लूटपाट की नीयत से रात के अंधेरे में घूम रहे थे। मजदूर के साथ हुई घटना से पहले उन्होंने सुधा डेयरी फार्म की गाड़ी को निशाना बनाने की कोशिश की थी, जो दूध कलेक्शन कर वापस लौट रही थी।

मंगराव पुल के समीप नकाबपोश अपराधियों ने गाड़ी को रुकवाया। चालक ने अपराधियों के हाथ में पिस्टल देखकर तेज गति से गाड़ी चलाना शुरू कर दिया। अपराधियों ने बाइक से गाड़ी का पीछा कर फायरिंग की। तब तक घनी बस्ती होने के कारण चालक अपनी गाड़ी लेकर भागने में सफल हो गया।

यूपी के युवक को भी निशाना बनाने की कोशिश

इसी बीच उत्तर प्रदेश के पचौरी गांव के रहने वाले अक्षय कुमार किसी समारोह में वीडियोग्राफी करने के लिए बाइक से सोनी गांव जा रहे थे। अपराधियों ने इन्हें भी देखते ही हवा में फायरिंग कर दी। उन्होंने आनन-फानन में किसी तरह अपनी जान बचाकर नजदीक के किसी गांव में जाकर अपनी जान बचाई।

ग्रामीणों में आक्रोश

ग्रामीणों काे आशंका है कि बदमाशों ने और भी लोगों को निशाना बनाने की कोशिश की होगी। इस घटना से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों ने बताया कि बहुत दिनों के बाद इस तरह की घटना हुई है, जो काफी दुखद है। इस पूरे घटनाक्रम से पुलिस की गश्ती व्यवस्था और सतर्कता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

chat bot
आपका साथी