भोजपुर में पिस्तौल लहराते युवकों के वीडियो मामले में चार के खिलाफ केस दर्ज, अन्य की पहचान में जुटी पुलिस

भोजपुर जिले में सरेआम हथियार लहराते युवकों का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने बताया कि उपरोक्त वीडियो छठ पर्व के पहले का है। सभी आरोपित दूसरे राज्यों में काम करते है। छठ के समय गांव आए थे और उसी समय वीडियो शूट करवाए थे।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Mon, 30 Jan 2023 11:19 AM (IST) Updated:Mon, 30 Jan 2023 11:19 AM (IST)
भोजपुर में पिस्तौल लहराते युवकों के वीडियो मामले में चार के खिलाफ केस दर्ज, अन्य की पहचान में जुटी पुलिस
भोजपुर में अवैध हथियार लहराते वीडियो वायरल होने के बाद चार पर प्राथमिकी दर्ज

आरा, जागरण संवाददाता। भोजपुर जिले में सरेआम हथियार लहराते युवकों का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल होने और दैनिक जागरण पर खबर चलने के बाद भोजपुर पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने सोमवार को प्रेस नोट जारी करते हुए बताया कि उक्त मामले में संज्ञान लेते हुए बड़हरा थाना में प्राथमिकी की गई है और उपरोक्त लड़कों को चिन्हित कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

सत्यापन के क्रम में यह भी पता चला है कि उपरोक्त वीडियो छठ पर्व के पहले का है। यह सभी लड़के दूसरे राज्यों में काम करते है। छठ के समय गांव आए थे और उसी समय यह वीडियो शूट करवाए थे। इधर, बड़हरा पुलिस ने बताया कि वीडियो में आठ लड़के दिखाई दे रहे हैं। इसमें फिलहाल चार को चिह्नित करते हुए नामजद प्राथमिकी की गई है। चारों की गिरफ्तारी के बाद अन्य नामों का भी खुलासा हो जाएगा।

गौरतलब हो कि वायरल वीडियो में संदिग्ध लड़के अपने हाथों में सरेआम पिस्तौल लहराते हुए नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो बड़हरा थाना क्षेत्र के चातर क्षेत्र के बगीचे का बताया जा रहा है। इधर, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने हथियारबंद संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इससे पहले तरारी और गड़हनी क्षेत्र में हथियार लहराते और हर्ष फायरिंग किए जाने का वीडियो वायरल हुआ था।

बगीचे में बनाया गया था वायरल वीडियो

इंटरनेट मीडिया पर जो वीडियो वायरल हुआ है, उसमें 18 से 20 साल की उम्र के करीब आठ लड़के दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में इनके पीछे का दृश्य किसी बगीचे जैसा है। वायरल वीडियो में करीब चार-पांच लड़के अलग-अलग तरह की पिस्तौल अपने हाथों में लिए नजर आ रहे हैं। चर्चा है कि वायरल वीडियो बड़हरा के चातर क्षेत्र का है। इस वायरल वीडियो में मुंबई पर राज करता हूं मैं.. किसी हिंदी फिल्म का डायलॉग और संगीत भी सुनाई दे रहा है।

तरारी में पिस्तौल लिए नर्तकी का वीडियो हुआ था वायरल

नए साल के शुरुआती माह के पहले पखवाड़े में ही भोजपुर जिले के तरारी में अवैध हथियार लेकर महिला डांसरों के साथ ठुमके लगाना दो बदमाशों को महंगा पड़ गया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने देसी पिस्तौल के साथ दोनों बदमाशों को धर दबोचा था।

भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी थी। गिरफ्तारी तरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधवा गांव से हुई थी। वायरल वीडियो में लहराई जा रही देसी पिस्तौल को जब्त कर लिया गया था। मामले में बंधवा गांव निवासी निर्मल कुमार तथा बिट्टू कुमार को गिरफ्तार किया गया था। इसे लेकर शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

Bhojpur Crime: भोजपुर में सरेआम अवैध हथियार लहराते युवकों का वीडियो वायरल, पांच के हाथों में दिख रही पिस्तौल

chat bot
आपका साथी