बिहार में बड़ा हादसा, बांका में खाना बनाने के दौरान सिलेंडर ब्‍लास्‍ट होने से पांच बच्‍चों की मौत

बिहार में बड़ा हादसा बांका के रजौन में गैस सिलेंडर विस्‍फोट हो जाने से पांच बच्‍चों की मौत हो गई। खाना बनाने के दौरान लीक कर रही थी गैस। तीली जलाते ही कमरे में लगी आग और फट गया सिलेंडर। दो लोग घटना में गंभीर।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Publish:Tue, 28 Dec 2021 07:45 PM (IST) Updated:Tue, 28 Dec 2021 08:04 PM (IST)
बिहार में बड़ा हादसा, बांका में खाना बनाने के दौरान सिलेंडर ब्‍लास्‍ट होने से पांच बच्‍चों की मौत
बांका के रजौन में गैस सिलेंडर विस्‍फोट हो गया है।

संवाद सूत्र, रजौन (बांका)। मंगलवार की शाम प्रकाश और अशोक पासवान के परिवार के लिए अमंगलकारी साबित हुई। रजौन थाना क्षेत्र के राजावार गांव में एक गैस सिलेंडर विस्फोट में एक ही परिवार के पांच बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के घरों की दीवारें हिल उठीं। सैकड़ों लोग घर छोड़कर बाहर निकल आए। लोगों को लगा कि भूकंप आ गया है। जब लोग मौके पर पहुंचे तो पांच लाशें बुरी स्थिति में बिखरी पड़ी थीं।

ग्रामीणों ने बताया कि प्रकाश पासवान अपने एक कमरे के घर में रहते हैं। पड़ोस में उनके भाई अशोक पासवान का घर है। प्रकाश पासवान के कमरे में गैस सिलेंडर से गैस लीक कर रही थी। प्रकाश पासवान के पुत्र अंकुश कुमार (12) व पुत्रियां अंशु कुमारी (8), सीमा कुमारी (4) व शिवानी कुमारी (6) के अलावा सोनी कुमारी (3) कमरे में खेल रही थीं। प्रकाश भी आसपास ही थे। सोनी प्रकाश के भाई अशोक पासवान की पुत्री थी। इसी दौरान प्रकाश की पत्नी सरिता देवी खाना बनाने के लिए आईं।

उन्होंने ज्योंही गैस का चूल्हा जलाने के लिए तीली जलाई, कमरे में आग लग गई। सरिता देवी चिल्लाते हुए कमरे से बाहर भाग आईं। इसके तुरंत बाद सिलेंडर में विस्फोट हो गया और पांचों बच्चों की मौत हो गई। इस घटना में प्रकाश पासवान व सरिता देवी भी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। इस घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीण बच्चों को अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन सभी बच्चों की मौत हो चुकी थी।

ग्रामीणों ने घटना में गंभीर रूप से जख्मी प्रकाश पासवान और उनकी पत्नी सरिता देवी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। स्वजनों ने बताया कि दो दिन पूर्व ही रजौन स्थित एचपी गैस एजेंसी से सिलेंडर लाया गया था।

घटना के बाद धोरैया विधायक भूदेव चौधरी, जिलाधिकारी सुहर्ष भगत, पुलिस कप्तान अरविंद कुमार गुप्ता व एसडीओ प्रीति समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। इन्होंने आसपास के लोगों से घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि घटना दर्दनाक है। मामले की जांच कराई जाएगी।

इस मामले की गहराई से जांच कराई जाएगी। अगर एजेंसी से लीक सिलेंडर दिया गया होगा तो जांच के बाद संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रावधान के अनुसार प्रशासन पीडि़त परिवार को हर संभव मुआवजा उपलब्ध करवाएगा। पीडि़त परिवार की सहायता की जाएगी। - सुहर्ष भगत, जिलाधिकारी, बांका

हाल में ही भागलपुर, मुंगेर व पूर्णिया में फटे थे सिलेंडर

जागरण टीम, भागलपुर। 10 दिसंबर को भागलपुर जिले के नवगछिया बाजार में एक के बाद एक कर 21 सिलेंडरों में विस्फोट हो गया। इससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई थी। 10 दिसंबर की सुबह ही संग्रामपुर प्रखंड के बलिया गांव में भोजन बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने से पति-पत्नी सहित पांच बच्चे झुलस गए। इनमें चार लोगों का अभी भी इलाज चल रहा है। पूर्णिया जिले के डगरुआ में चार जुलाई को छोटे सिलेंडर में विस्फोट की घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी। इसी जिले के अमौर प्रखंड में 13 सितंबर को छोटे सिलेंडर के विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई थी।

chat bot
आपका साथी