Corona virus : प्रवासियों ने बढ़ाया कोरोना संक्रमण का दायरा, चोरी छिपे पहुंचे लोग संक्रमित

अब तक चोरी छिपे आए लोगों में 13 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनके संपर्क में लगभग 300 लोग आए हैं जिनपर नजर रखी जा रही है। पकड़ में आने के बाद इन्हें क्वारंटाइन कर दिया गया है।

By Dilip ShuklaEdited By: Publish:Sun, 10 May 2020 04:05 PM (IST) Updated:Sun, 10 May 2020 04:05 PM (IST)
Corona virus : प्रवासियों ने बढ़ाया कोरोना संक्रमण का दायरा, चोरी छिपे पहुंचे लोग संक्रमित
Corona virus : प्रवासियों ने बढ़ाया कोरोना संक्रमण का दायरा, चोरी छिपे पहुंचे लोग संक्रमित

भागलपुर [संजय सिंह]। तीसरे चरण के लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों और छात्रों को अपने प्रदेश में आने की छूट के कारण बड़ी संख्या में लोग वापस लौट रहे हैं। इसके पूर्व, कुछ लोग चोरी छिपे पहुंच चुके हैं। इनके कारण कोरोना संक्रमण के खतरे का दायरा भी बढ़ गया है।

अब तक चोरी छिपे आए लोगों में 13 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनके संपर्क में लगभग 300 लोग आए हैं, जिनपर नजर रखी जा रही है। पकड़ में आने के बाद इन्हें क्वारंटाइन कर दिया गया है।

हद तो यह हो गई कि हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर पैदल पहुंचे इन प्रवासियों की रास्ते में कहीं भी स्वास्थ्य जांच नहीं की गई। लिहाजा, उन इलाकों में भी कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने लगे, जो अब तक इनसे अछूते थे। खगडिय़ा, सुपौल, किशनगंज, सहरसा, जमुई जैसे जिले अब तक कोरोना से अछूते थे। अब जमुई को छोड़कर हर जिले में कोरोना के मरीज मिले हैं। सबसे अधिक, 32,832 प्रवासी पूर्व बिहार लौटे हैं। कोसी अंचल में 13,900 और सीमांचल में 7,492 प्रवासी लौटे हैं। यह सरकारी आंकड़ा है। वास्तविक आंकड़ा इससे काफी अधिक हो सकता है। सहरसा में महाराष्ट्र से ट्रेन आई। स्टेशन पर जांच के दौरान तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें एक नेपाल, एक सुपौल और एक सहरसा का रहने वाला है। अररिया में छुट्टी बिताकर बक्सर का एक सिपाही लौटा और वह भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। सबसे दिलचस्प किस्सा खगडिय़ा का है। यहां भाड़े पर ट्रक लेकर 11 लोग पहुंचे। इनमें से दो कोरोना पॉजिटिव पाए गए। मुखिया की सक्रियता के कारण ये दोनों पॉजिटिव अधिक लोगों के संपर्क में नहीं आ पाए।

उधर, मथुरा से पैदल चलकर एक व्यक्ति पूर्णिया पहुंचा। दूसरा दिल्ली से फल की गाड़ी पर चोरी छिपे सवार होकर अपने घर पूर्णिया आ गया। दोनों पॉजिटिव पाया गया। बांका में तो दो महिलाएं एंबुलेंस से ही महाराष्ट्र से चली आईं। दोनों महिलाएं कोरोना संक्रमित पाई गईं। बांका में शव वाहन से पहुंचे दो युवक पॉजिटिव पाए गए। दोनों बाइक लेकर सड़क पर घूम रहे थे और पुलिस जांच के दौरान पकड़े गए। अब जब बड़ी संख्या में प्रवासी बाहर से आए हैं तो लोगों को ज्यादा सावधान रहने की नसीहत दी जा रही है।

chat bot
आपका साथी