भागलपुर में पूर्व प्राध्यापक के घर 25 लाख का डाका, एसडीपीओ और थानेदार को कई बार किया फोन, नहीं मिला रिस्पांस

भागलपुर के कहलगांव में रिटायर्ड शिक्षक के घर अपराधियों ने भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया। घर वालों को बंधक बनाकर डकैतों ने 25 लाख रुपये के गहने और नकदी लूट लिए। डकैतों की की उम्र 27 से 30 के आसपास थी।

By Abhishek KumarEdited By: Publish:Sat, 26 Jun 2021 06:15 AM (IST) Updated:Sat, 26 Jun 2021 06:15 AM (IST)
भागलपुर में पूर्व प्राध्यापक के घर 25 लाख का डाका, एसडीपीओ और थानेदार को कई बार किया फोन, नहीं मिला रिस्पांस
भागलपुर के कहलगांव में रिटायर्ड शिक्षक के घर अपराधियों ने भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया। सांकेतिक तस्‍वीर।

संवाद सूत्र, भागलपुर। कहलगांव शहर के विक्रमशिला कालोनी कायस्थ टोला में गुरुवार की रात आधा दर्जनों डकैतों ने कहलगांव एसएसवी कालेज के पूर्व प्राध्यापक प्रो. डा. रत्नेश्वर प्रसाद सिंह के घर में भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया। डा. सिंह और उनकी वृद्ध पत्नी को बंधक बनाकर डकैतों ने 25 लाख रुपये के गहने और नकदी लूट लिए। डकैतों की की उम्र 27 से 30 के आसपास थी। सभी मास्क और गमछे से अपना मुंह ढंक रखे थे। घर में घुसते ही डकैतों ने हथियार के बल पर दंपती को अपने कब्जे में ले लिया। उनके हाथ-पैर बांध दिए। मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। 50 मिनट तक डकैतों ने घर में लूटपाट की। सभी कीमती सामान लेने के बाद वहां से आराम से निकल गए।

अंदर घुसे चार डकैत, दो थे बाहर

डा. सिंह ने बताया कि डकैत कैसे आए। यह नहीं देखा। रात डेढ़ बजे आवाज होने पर पूछा कि कौन है। इसके बाद चार डकैत मेरे कमरे में घुस आए। सिर पर कट्टा सटा दिया और अपने गमछा से हाथ बांध दिया। हमारा गमछा एवं पायजामा फाड़कर पैर बांध दिया। चाकू से मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे मैं जख्मी हो गया। जबरन आलमारी की चाबी ले। आलमारी से 76 हजार नकद, पांच ग्राम सोने का एक सिक्का, पंजाब नेशनल बैंक की तीन एफडी ले लिया। बगल के कमरे में पत्नी सोई हुई थी। वहां जाकर पत्नी के भी हाथ-पैर बांधकर उनसे जबरन चाबी ले ली। चाबी नहीं देने पर उनसे कहा कि पति की हत्या कर देंगे। पत्नी से चाबी लेकर आलमारी से 67 हजार रुपये नकद और करीब 23 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिया। तीसरे कमरे से पुत्रवधू के 15 हजार के चांदी के गहने लूट लिया। जाते वक्त पत्नी के कान से सोने की बाली भी खुलवा ली। दो डकैत बाहर भी थे।

खुद से बंधन मुक्त होकर पुलिस को लगाया था फोन

अल सुबह तीन बजे किसी तरह खुद को बंधन से मुक्त किया। फिर पत्नी के हाथ-पैर खोला। एसडीपीओ को तीन बार मोबाइल से कॉल किया। दो बार थाना में कॉल किया। किसी ने मोबाइल नहीं रिसीव किया। सुबह में फिर एसडीओ और एसडीपीओ को फोन किया। तब बात हुई। पुलिस आई और पूछताछ कर लौट गई। फिर थानाध्यक्ष आये। दोपहर बाद भागलपुर से खोजी कुत्ता लाया गया था। वह बाबुटोला दुर्गा स्थान तक गया। एसडीपीओ रेशु कृष्ण ने घटनास्थल का मुआयना किया। एसडीपीओ ने कहा कि शीघ्र ही अपराधी पकड़े जाएंगे। जांच चल रही है। शाम में डा. सिंह ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज की। 

chat bot
आपका साथी