बांसुरी वादन से गोपाल गंधर्व ने किया कार्यक्रम का आगाज

जागरण संवाददाता, भागलपुर : बिहार दिवस के अवसर पर बांसुरी वादक गोपाल कृष्ण मिश्र गंधर्व के वादन से रव

By Edited By: Publish:Sun, 22 Mar 2015 10:24 PM (IST) Updated:Sun, 22 Mar 2015 10:24 PM (IST)
बांसुरी वादन से गोपाल गंधर्व ने किया कार्यक्रम का आगाज

जागरण संवाददाता, भागलपुर : बिहार दिवस के अवसर पर बांसुरी वादक गोपाल कृष्ण मिश्र गंधर्व के वादन से रविवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। गोपाल गंधर्व के बांसुरी वादन के बाद लगातार कई कलाकारों ने अलग-अलग धुन पर संगीत की प्रस्तुति की। सैंडिस कम्पाउंड का ओपेन थियेटर सांस्कृतिक संध्या के मंच से निकली धुन से गुनगुना रहा था। एक के बाद एक कलाकारों ने सांस्कृतिक माहौल को संगीतमय बनाने का लगातार प्रयास किया। लेकिन वहां उपस्थित लोगों के मन में यह भाव उबल रहा था कि अगली प्रस्तुति शायद नीरसता में रस भरने का काम करे। शहनाई बजाकर इल्लिाह खान ने लोगों का मनोरंजन किया, उनके साथ तबले पर प्रशांत कुमार मिश्र ने संगत किया। शैक्सोफोन से राजू कुमार ने लोगों को बांधा। मौके पर बिहुला विषहरी लोक गाथा की प्रस्तुति हुई। अभिषेक कुमार ने तबला वादन किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में जो भीड़ उमड़ी उससे ओपेन थियेटर छोटा पड़ गया। बहुत लोग बाहर लगे छोटे पर्दे पर ही गीत-संगीत का आनंद उठा रहे थे। इसके पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन प्रमंडलीय आयुक्त आरएल चौंग्थू, जिला जज अरविंद माधव, जिला पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र प्रसाद यादव, वरीय पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार, कुलपति डॉ. रमाशंकर दूबे, डॉ. मेवालाल चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।

बिहार दिवस के आयोजन के लिए प्रशासन ने लगातार तीन-चार दिनों से कड़ी मेहनत कर ओपेन थियेटर परिसर को कार्यक्रम के लायक बनाया। पूरा परिसर शाम होते ही मेला के रंग में रंग गया। तप्त सुधा के खान पान के स्टॉल पर चाट पकौड़ी खाने की भीड़ लगी तो अन्य स्टॉल पर जानकारी लेने के लिए लोग जुटने लगे। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के किसान ज्ञान रथ से भी लोगों को खेती की जानकारी दी जा रही थी। इंजीनयरिंग कॉलेज की ओर से लगाए गए टेंट में युवाओं का मनोरंजन हुआ। इसके पूर्व सुबह टीटीसी से स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी निकली। जिसका समापन सैंडिस कंपाउंड में हुआ। इस कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के साथ विभिन्न नागरिक व सामाजिक संगठनों ने सहयोग दिया। मुख्य कार्यक्रम में प्रथम, पंचम, षष्ठ अपर जिला सत्र न्यायाधीश, उप विकास आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, अपर समाहर्ता विभागीय जांच डॉ. श्यामल किशोर पाठक, अपर समाहर्ता हरिशंकर प्रसाद, सदर एसडीओ सुनील कुमार, एएसपी वीणा कुमारी, डीएलएओ राजीव रंजन सिंह,

डीसीएलआर सुबीर रंजन, वरीय उप समाहर्ता अमलेंदु कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार साह, संजीव कुमार व नोडल पदाधिकारी कुमार अनूज थे।

रोशनी से नहाया प्रशासनिक कार्यालय

बिहार दिवस को लेकर जिले के सभी सरकारी दफ्तरों को रोशनी से सजाया गया है। समाहरणालय, डीआरडीए परिसर, पुलिस लाइन सहित अन्य कार्यालयों में दिवस को यादगार बनाने के लिए छोटे-छोटे बल्बों से सजाया गया था। नागरिक विकास समिति के प्रधान सलाहकार रमण कर्ण ने बताया कि तिलकामांझी चौक पर संस्था की ओर से सजावट की गई थी। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल का प्रबंध समिति की ओर से किया गया था।

chat bot
आपका साथी