बिहार में राजद नेता को दिनदहाड़े गोलियों से भून डाला, स्थिति चिंताजनक

बिहार के बेगूसराय में एक राजद नेता को सरेआम गोली मार दी गई। वारदात के बाद अपराधी आराम से भाग गए। घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

By Amit AlokEdited By: Publish:Wed, 13 Feb 2019 12:22 PM (IST) Updated:Wed, 13 Feb 2019 07:47 PM (IST)
बिहार में राजद नेता को दिनदहाड़े गोलियों से भून डाला, स्थिति चिंताजनक
बिहार में राजद नेता को दिनदहाड़े गोलियों से भून डाला, स्थिति चिंताजनक

बेगूसराय [जेएनएन]। बिहार में बेखौफ अपराधियों ने फिर कानून-व्‍यवस्‍था को फिर कठघरे में खड़ा कर दिया है। अपराधियों ने बेगूसराय में वीरपुर पूर्वी पंचायत के पूर्व मुखिया और राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) नेता रामकृपाल प्रसाद सिंह उर्फ रामकृपाल महतो दिन-दहाड़े गोलियों से भून डाला। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। खास बात कि उन्होंने घायलावस्था में ही बेटी को परीक्षा केंद्र पर पहुंचाया तथा खुद अस्पताल पहुंचे। उधर इस घटना से इलाके में सनसनी है। वहीं एसपी अवकाश कुमार ने कहा कि छापेमारी की जा रही है। 

बेगूसराय-वीरपुर पथ पर हुई है वारदात 
वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेगूसराय-वीरपुर पथ पर लतराही कारीचक के समीप घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने बुधवार को घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने राजद नेता रामकृपाल महतो के सीने में दो गोलियां मारीं। घायल पूर्व मुखिया को इलाज के लिए शहर के कल्पना नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। डॉ अशोक शर्मा ने उनकी स्थिति को गंभीर बताया है। घायल राजद नेता वीरपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी निवासी स्व. सीताराम महतो के पुत्र 50 वर्षीय रामकृपाल प्रसाद सिंह बताए जा रहे हैं। वे वीरपुर पूर्वी पंचायत के पूर्व मुखिया भी रह चुके हैं। गोलीबारी की घटना के पीछे गांव की राजनीति बताई जा रही है। 

बेटी को पहुंचाने जा रहे थे परीक्षा केंद्र 
राजद नेता की पुत्री दामिनी कुमारी ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने पिता के साथ इंटर की परीक्षा देने जेके स्कूल बेगूसराय जा रही थी। लतराही के समीप पहुंचने पर दो बाइक पर सवार करीब छह की संख्या में रहे अपराधियों ने अचानक से उनके पिता की बाइक को रोक लिया तथा ताबड़तोड़ दो गोलियां चलाई। एक गोली उनके दाएं तरफ सीने में लगी है तो दूसरी गोली उनके बाएं तरफ सीने में लगी। हालांकि उनके पिता ने हिम्मत का परिचय देते हुए घायल अवस्था में ही बाइक को भगाते हुए बेगूसराय जेके स्कूल पहुंचे। वहां उसे परीक्षा देने के लिए उतारने के बाद खुद कल्पना नर्सिंग होम पहुंच गए।

पंचायत की गंदी राजनीति घटना की वजह 
घायल राजद नेता की पत्नी पूनम देवी, पुत्र उत्तम एवं प्रियतम ने बताया कि गोलीबारी की घटना के पीछे पंचायत की गंदी राजनीति हो सकती है। वहीं लोगों ने बताया कि रामकृपाल महतो की पंचायत में बहुत धाक है। इसलिए लोग उन्हें अक्सर पंचायती के लिए ले जाया करते हैं। परिजनों ने ऐसी आशंका जताई है कि पंचायती से नाराज किसी पक्ष ने उन पर जानलेवा हमला किया है।

गोली लगने के बाद करीब आठ किलोमीटर तक चलाई बाइक 
बुधवार की सुबह जिस जगह पर राजद नेता के ऊपर गोलीबारी हुई, उक्त स्थल से जिला मुख्यालय की दूरी करीब आठ किलोमीटर है। सीने में दो गोलियां खाने के बाद भी राजद नेता ने साहस का परिचय देते हुए अपनी बाइक खुद चला कर वह बेगूसराय पहुंचे। पहले उन्होंने अपनी पुत्री को परीक्षा सेंटर पर पहुंचाया, उसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। उनकी पुत्री दामिनी पिता के अदम्य साहस में साथ देते हुए पिता के सीने के घाव को दोनों हाथों से दबाए रखी। गोलीबारी में दामिनी के हाथों पर भी बारूद के छींटे पड़े हैं।

कहते हैं एसपी अवकाश कुमार 
घटना को लेकर जिला पुलिस कप्तान ने कहा कि घटना के पीछे आपसी रंजिश की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि घायल का फर्द बयान दर्ज नहीं किया जा सका है। होश में आने के बाद घायल का फर्द बयान दर्ज कर प्राथमिकी की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

chat bot
आपका साथी