उदीयमान सूर्य को अ‌र्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न

जेएनएन, बेगूसराय : उदीयमान भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य के साथ महापर्व छठ गुरुवार को संपन्न हो गया। इस दौ

By Edited By: Publish:Fri, 31 Oct 2014 01:06 AM (IST) Updated:Fri, 31 Oct 2014 01:06 AM (IST)
उदीयमान सूर्य को अ‌र्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न

जेएनएन, बेगूसराय : उदीयमान भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य के साथ महापर्व छठ गुरुवार को संपन्न हो गया। इस दौरान विभिन्न तालाब-पोखरों और नदियों के किनारे श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। छठ गीतों से माहौल गूंजयामान हो उठा। जिला मुख्यालय के बड़ी पोखर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां पर जिला मुख्यालय के कोने-कोने से छठ व्रती और श्रद्धालु पहुंचे तथा भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य अर्पण किया।

बेगूसराय सदर संवाददाता के अनुसार सदर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर छठ व्रतियों ने भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य अर्पित किए। वहीं मटिहानी के रामदीरी रामनगर घाट पर छठव्रतियों की भारी भीड़ जुटी। यहां मेले जैसा नजारा था। यहां स्थानीय लोगों द्वारा घाट की साफ-सफाई एवं प्रकाश की व्यवस्था की गई थी।

बखरी नगर पंचायत के पुस्तकालय तालाब, आशा पोखर, रामपुर तालाब, इटवा चौड़ के अलावा बागमती नदी एवं चंद्रभागा नदी के किनारे श्रद्धालु जुटे तथा भगवान सूर्य को अ‌र्घ्य दिया। इस बीच नगर सहित गांव-मोहल्लों में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। बंधु कला परिषद सलौना, नवदुर्गा कला परिषद बखरी एवं बहोरचक में दो दिवसीय नाटक का मंचन किया गया। वहीं मां जागृति संघ बखरी के द्वारा ढाला चौक पर छठ मेले का भव्य आयोजन किया गया। यहां बनाई गई प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रहा। रामपुर ठाकुरबाड़ी में एक दिवसीय छठ जागरण का आयोजन किया गया। जबकि हिन्द कला परिषद एवं जय सरस्वती संघ द्वारा संपूर्ण बाजार की साज सज्जा एवं रोशनी की व्यवस्था की गई थी। एचकेपी द्वारा बाजार के पुरानी थाना चौक से आशा पोखर तक सड़क के बीच व्रतियों के स्वागत में जलाई गई दीप मोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहे थे। सलौना ग्राम में भी दीपों का ऐसा ही नजारा देखने को मिला। पुस्तकालय प्रबंधन ने पुस्तकालय स्थित तालाब की साफ-सफाई, सजावट एवं रोशनी का प्रबंध किया।

बलिया एवं डंडारी में छठ महापर्व शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। चमड़िया मैदान, स्टेशन रोड पोखर सहित स्थानीय घाटों पर उदीयमान भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य दिया गया। इसके साथ ही लोगों ने एक दूसरे को प्रसाद खिलाया। घाटों पर एसडीओ मुकेश पांडेय, एएसपी कुमार आशीष, थानाध्यक्ष नीरज कुमार, डंडारी थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, इंस्पेक्टर कलीमुद्दीन शांति व्यवस्था में मुस्तैद दिखे।

बछवाड़ा प्रखंड के झमटिया, बेगमसराय, सुरो, गोधना, रानी, कादराबाद, रसीदपुर, चिरंजीविपुर, फतेहा में विभिन्न घाटों पर लोगों ने भगवान सूर्य को अ‌र्घ्य अर्पित किए।

तेघड़ा में मधुरापुर बोल्डर घाट, दुलारपुर घाट, आधारपुर घाट, पिढौली घाट, बरौनी मधुरापुर घाट में बुधवार को अस्ताचलगामी एवं गुरुवार की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य अर्पित किए गए। सुरक्षा की दृष्टिकोण से तेघड़ा एसडीओ सुभाषचंद्र मंडल, अनुमंडल निर्वाचन पदाधिकारी अनिल कुमार तिवारी, तेघड़ा सीओ कमलेश कुमार, नगर पंचायत तेघड़ा के कार्यपालक पदाधिकारी मो. राजिक सहित एसडीआरएफ की टीम सक्रिय दिखी।

लाखो प्रतिनिधि के अनुसार सदर प्रखंड के सूजा, भर्रा, धबौली, लाखो, शाहपुर, बहदरपुर, भैरवार पंचायतों में उदीयमान भगवान सूर्य को अ‌र्घ्य अर्पित करने के साथ छठ महापर्व संपन्न हो गया। कर्पूरी ठाकुर उच्च विद्यालय लाखो परिसर में नवयुवक छठ पूजा समिति निपनियां टोला के सदस्यों द्वारा भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापित की गई थी। छठ के अवसर पर लाखो के सामाजिक कार्यकर्ता राजेश कुमार द्वारा व्रतियों के बीच नारियल आदि वितरित किए गए। मौके पर शिववर्त सिंह, बाबूलाल सिंह, सुभाष चौधरी, चंद्रशेखर सिंह आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी