लोस चुनाव मोदी व राहुल के बीच की लड़ाई : सूमो

By Edited By: Publish:Fri, 04 Apr 2014 10:03 PM (IST) Updated:Fri, 04 Apr 2014 10:03 PM (IST)
लोस चुनाव मोदी व राहुल के बीच की लड़ाई : सूमो

जागरण संवाददाता, बांका : पूर्व उप मुख्मंत्री सुशील मोदी ने कहा कि कांग्रेस में खलबली मची हुई है। नेता खफा हैं। पार्टी के अंदर घमासान मच गया है। केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने पहले ही हार स्वीकार कर ली है। मनीष तिवारी ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। पार्टी पूरी तरह से लड़खड़ा गई है। ऐसे में भी कांग्रेस राहुल को प्रधानमंत्री बनाने का सपना देख रही है।

श्री मोदी शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी पुतुल कुमारी के नामांकन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की लड़ाई प्रधानमंत्री के लिए होती है। इस बार की लड़ाई नरेंद्र मोदी बनाम राहुल गांधी के बीच है। नीतीश कुमार एवं लालू यादव सिर्फ जनता को बरगला रहे हैं। जनता तय करेगी उन्हें मजबूर प्रधानमंत्री चाहिए या मजबूत। पाकिस्तान भारतीय सेना का मनोबल तोड़ने में लगा है। सीमा में प्रवेश कर सैनिकों का सिर काट देता है और प्रधानमंत्री मौन रहते हैं। उन्होंने लालू पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे आडवाणी का रथ रोके तो वे चार सीट पर पहुंच गए। नरेंद्र मोदी के बारे में अधिक बोलेंगे तो शून्य पर सिमट जाएंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह भागलपुर प्रत्याशी शाहनवाज हुसैन ने कहा कि नीतीश अल्पसंख्यकों को बेवकूफ बनाने की फैक्ट्री चलाते हैं। नए-नए सेकुलर बने हैं। खुदा से डरने वाले कौम को बीजेपी से डरा रहे हैं। लेकिन, अब अकलियत के लोग इन बातों पर विश्वास नहीं करते। तरक्की चाहती है, विकास पसंद करती है। उन्होंने मुसलमानों का आह्वान करते हुए कहा कि लोग आएंगे, भड़काएंगे लेकिन, वे भड़के नहीं।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस घोटाले की सरकार है। जनता त्रस्त हो चुकी है। मजबूत प्रधानमंत्री ही देश को बचा सकते हैं। जनता मोदी के साथ है। सभा को निवर्तमान सांसद पुतुल कुमारी, पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल, विधायक सोनेलाल हेम्ब्रम, उपमहापौर प्रीति शेखर, प्रदेश क्रीड़ा मंच के महामंत्री मनोज यादव सहित कई अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी