फरवरी महीने में मारुति ने बेची 1,30,280 कारें, जानिये कौन सी कार सबसे ज्यादा बिकी

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने फरवरी महीने में पैसेंजर वाहनों की 1,30,280 यूनिट्स बेची हैं

By Ankit DubeyEdited By: Publish:Wed, 01 Mar 2017 11:14 AM (IST) Updated:Wed, 01 Mar 2017 12:14 PM (IST)
फरवरी महीने में मारुति ने बेची 1,30,280 कारें, जानिये कौन सी कार सबसे ज्यादा बिकी
फरवरी महीने में मारुति ने बेची 1,30,280 कारें, जानिये कौन सी कार सबसे ज्यादा बिकी

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने फरवरी महीने में पैसेंजर वाहनों की 1,30,280 यूनिट्स बेची हैं। फरवरी महीने में कंपनी ने घरेलू बाजार में 1,20,735 वाहन बेचे, जबकि 9545 वाहनों का कंपनी ने निर्यात किया। फरवरी 2016 के मुकाबले इस साल फरवरी में कंपनी ने बिक्री में 10.9 फीसदी का इजाफा किया है। पिछले साल फरवरी में कंपनी ने 1,17,451 वाहन बेचे थे।

ऑल्टो और वैगन आर की बिक्री में गिरावट
मारुति की मिनी सेगमेंट की कारों की बात करें तो फरवरी महीने में ऑल्टो और वैगन आर के 33079 यूनिट्स बिकें, जबकि पिछले साल इन्हीं दोनों कारों के 35495 यूनिट्स बिके थे। पिछले साल के मुकाबले इस बार इन दोनों कारों की बिक्री में करीब 6.8 फीसदी की गिरावट देखी गई है।

कॉम्पैक्ट सेगमेंट की गाड़ियों की बिक्री बढ़ी
कॉम्पैक्ट सेगमेंट की गाड़ियों की बात करें तो स्विफ्ट, रिट्ज, सिलेरियो, इग्निस, बलेनो, डिजायर की फरवरी महीने की बिक्री में 9.4 फीसदी का इजाफा हुआ। फरवरी 2017 में कंपनी ने इन्हीं कारों की 47002 यूनिट्स बेची हैं, जबकि फरवरी 2016 में कंपनी ने इनकी 42970 यूनिट्स बेची थीं।

डिजायर टूर की बिक्री में सबसे ज्यादा गिरावट
सुपर कॉम्पैक्ट सेगमेंट की कार डिजायर टूर की बिक्री में 26.9 फीसदी की गिरावट देखी गई। फरवरी 2017 में कंपनी ने इस कार की 2574 यूनिट्स बेचीं, जबकि पिछले फरवरी में कंपनी ने 3522 वाहनों की बिक्री की थीं।

सियाज की बिक्री में आई तेजी
मारुति की मिड साइज सियाज की फरवरी महीने की बिक्री में 14 फीसदी की तेजी देखी गई है। कंपनी ने फरवरी महीने में इसकी 5886 यूनिट्स बेचीं, जबकि पिछले साल इसी महीने में कंपनी ने 5162 वाहनों की बिक्री की थीं।

यूटिलिटी व्हीकल्स की बिक्री में सबसे ज्यादा तेजी
जिप्सी, अर्टिगा, एस-क्रॉस, विटारा ब्रेजा जैसे यूटिलिटी व्हीकल्स की बिक्री में 110.5 फीसदी का इजाफा हुआ है। फरवरी महीने में इनकी 17863 यूनिट्स की बिक्री हुई है, जबकि पिछले साल इसी महीने में इनकी 8484 वाहनों की बिक्री हुई थीं।

ऑमनी और ईको की बिक्री में भी आई तेजी
मारुति की वेन्स सेगमेंट में आने वाली ऑमनी और ईको की बिक्री में 13.7 फीसदी का इजाफा हुआ है। कंपनी ने इन दोनों वाहनों की 14195 यूनिट्स बेची हैं, जबकि पिछले साल इसी महीने में कंपनी ने 12482 यूनिट्स की बिक्री की थीं। 

chat bot
आपका साथी