विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फ्लाइट में पावर बैंक ले जाने के सही नियम क्या हैं? एक चूक से मच सकती है अफरा-तफरी, पढ़ें DGCA की गाइडलाइंस

Published: Wed, 14 Oct 2026 11:10 AM (IST)

इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक से आग लगने की घटना के बाद, DGCA ने हवाई यात्रा के दौरान पावर बैंक ले जाने के सख्त नियम जारी किए हैं।

हवाई सफर में पावर बैंक ले जाने के क्या हैं नियम? (Image Source: AI-Generated)

हवाई सफर में पावर बैंक ले जाने के क्या हैं नियम? (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सोचिए, आप फ्लाइट में आराम से सफर कर रहे हों और अचानक आपके ठीक ऊपर सामान रखने वाले केबिन से धुआं निकलने लगे... ऐसे में, घबराहट होना लाजमी है। दरअसल, 11 अक्टूबर को इंडिगो की एक फ्लाइट में यात्रियों के साथ एक ऐसी ही घटना हुई है।

इस पूरी अफरा-तफरी की वजह कोई बड़ी तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि एक साधारण-सा पावर बैंक था, जिसे एक यात्री ने ऊपर ओवरहेड बिन में रख दिया था और उसमें अचानक आग लग गई। इस एक छोटी-सी गलती के कारण विमान को बीच रास्ते से ही हैदराबाद डायवर्ट करना पड़ा।

आजकल हम सभी पावर बैंक के बिना सफर करने की सोच भी नहीं सकते। हालांकि, फ्लाइट में इसे ले जाने और इस्तेमाल करने को लेकर की गई एक मामूली-सी लापरवाही आपको और आपके साथी यात्रियों को भारी मुसीबत में डाल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विमानन नियामक (DGCA) और एयरलाइंस ने कुछ सख्त नियम बनाए हैं। आइए जानते हैं कि पावर बैंक के साथ सफर करते समय आपको किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

can we carry power bank in flight

(Image Source: AI-Generated)

फ्लाइट में जानलेवा बन सकती है ये चूक

सबसे पहला नियम यह है कि पावर बैंक कभी भी उस सूटकेस में नहीं जाना चाहिए जो कार्गो, यानी विमान के निचले हिस्से में रखा जाता है। इसे हमेशा आपको अपने साथ केबिन बैग या हैंड बैग में ही रखना होगा। इसके पीछे एक सीधा-सा लॉजिक है कि अगर कार्गो में रखे पावर बैंक में आग लग जाती है, तो क्रू मेंबर्स के लिए तुरंत वहां पहुंचकर आग बुझाना असंभव हो जाएगा।

ओवरहेड बिन में रखने की भूल कभी न करें

इंडिगो फ्लाइट में आग लगने की घटना ओवरहेड बिन, यानी सीट के ऊपर सामान रखने वाली जगह में रखे पावर बैंक की वजह से हुई थी। नियमों के मुताबिक, पावर बैंक को कभी भी ओवरहेड बिन में नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि वहां धुआं उठने पर तुरंत नजर नहीं जाती।

इसलिए, इसे हमेशा अपनी आंखों के सामने ही रखें या तो सामने वाली सीट की पॉकेट में या फिर अपनी सीट के नीचे। इससे अगर डिवाइस में हीटिंग या धुआं निकलने जैसी कोई समस्या होती है, तो तुरंत उसका पता चल जाएगा।

टेक-ऑफ से लैंडिंग तक ये गलती पड़ेगी भारी

हम में से कई लोगों की आदत होती है कि फ्लाइट में बैठते ही फोन को पावर बैंक से चार्ज करने लगते हैं। हालांकि, DGCA की साफ हिदायत है कि टेक-ऑफ से लेकर लैंडिंग तक, पूरी उड़ान के दौरान पावर बैंक को स्विच ऑफ रखना जरूरी है। आप न तो इससे अपना फोन चार्ज कर सकते हैं और न ही विमान की सीट में दिए गए पावर आउटलेट का इस्तेमाल करके अपने पावर बैंक को चार्ज कर सकते हैं।

कितने पावर वाले डिवाइस को है इजाजत?

फ्लाइट में आप किसी भी क्षमता का पावर बैंक उठाकर नहीं ले जा सकते। इसके लिए ये पैमाने तय किए गए हैं:

  • 100 Wh तक की क्षमता: यह पूरी तरह से सुरक्षित माना जाता है और आप इसे आसानी से साथ ले जा सकते हैं।
  • 100 Wh से 160 Wh के बीच: इसके लिए आपको यात्रा से पहले अपनी एयरलाइन से विशेष अनुमति लेनी होगी।
  • 160 Wh से ऊपर: इस क्षमता के डिवाइस फ्लाइट में ले जाना पूरी तरह बैन है।

कैसे चेक करें अपने पावर बैंक की क्षमता?

आपके पावर बैंक पर क्षमता 'mAh' में लिखी होती है। इसे 'Wh' में बदलने का एक सिंपल फॉर्मूला है: (mAh × 3.7) ÷ 1000 = Wh

उदाहरण के लिए, अगर आपका पावर बैंक 20,000 mAh का है, तो वह 74 Wh का होगा (जो 100 Wh की लिमिट के अंदर है)। वहीं, 30,000 mAh का पावर बैंक 111 Wh का होगा, जिसे ले जाने के लिए एयरलाइन की परमिशन जरूरी होगी।

इंडिगो बनाम एयर इंडिया: क्या नियमों में है कोई अंतर?

DGCA के मूल नियम सब पर लागू होते हैं, लेकिन हर एयरलाइन की कुछ अपनी शर्तें भी हैं।

इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा एयर 100 Wh तक के पावर बैंक को बिना किसी परेशानी के और 160 Wh तक के पावर बैंक को विशेष अनुमति के साथ केबिन में ले जाने देते हैं।

दूसरी तरफ, एयर इंडिया का नियम थोड़ा ज्यादा सख्त है। एयर इंडिया किसी भी एक यात्री को अधिकतम 2 पावर बैंक ही साथ ले जाने की अनुमति देता है, और वो भी 100 Wh की लिमिट के भीतर होने चाहिए।

अगली बार जब भी आप हवाई सफर के लिए अपना बैग पैक करें, तो इन नियमों को जरूर याद रखें। आपकी छोटी-सी समझदारी पर आपकी और आपके साथ सफर कर रहे सैकड़ों यात्रियों की सुरक्षा टिकी होती है।

यह भी पढ़ें- पहली बार प्लेन से करने जा रहे हैं सफर, तो जरूर जान लें 5 बातें, वरना छूट सकती है फ्लाइट

यह भी पढ़ें- हर बार बैग में कम पड़ जाती है जगह? इन 8 स्मार्ट पैकिंग हैक्स से छोटी सी जगह में फिट होगा सारा सामान