हॉलिडे सेलिब्रेट करने के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन हैं देश की ये जगहें
श्रधालुओं के लिए पुष्कर पवित्र स्थान है। ऐसा माना जाता है कि पूरे देश में भगवान ब्रह्मा जी का मंदिर केवल पुष्कर में है। इसके अलावा पुष्कर में 52 घाट भी प्रसिद्ध है। इन घाटों पर धार्मिक कार्य किए जाते हैं।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। सनातन धर्म में पितृ पक्ष के बाद त्योहारों का सीजन शुरू होता है। इसकी शुरुआत दुर्गा पूजा से होती है। इसके बाद दीपावली और छठ पूजा मनाई जाती है। वहीं, वर्ष के अंत में क्रिसमस वीकेंड रहता है। इस दौरान लोग न केवल अपने घरों को जाते हैं, बल्कि हॉलिडे सेलिब्रेशन के लिए देशभर की सैर करते हैं। अगर आप भी आने वाले त्योहारों के सीजन में हॉलिडे सेलिब्रेट करना चाहते हैं, तो देश की इन जगहों की सैर कर सकते हैं। आइए जानते हैं-
चोपता, उत्तराखंड
उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है। इसे देवों की भूमि भी कहा जाता है। वहीं, चोपता मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से भी जाना जाता है। चोपता गढ़वाल हिमालय में स्थित है। प्रकृति से प्यार करने वाले लोगों के लिए चोपता बेहतरीन स्पॉट है। हॉलिडे सेलिब्रेट करने के लिए एक बार चोपता जरूर जाएं।
पुष्कर, राजस्थान
श्रधालुओं के लिए पुष्कर पवित्र स्थान है। ऐसा माना जाता है कि पूरे देश में भगवान ब्रह्मा जी का मंदिर केवल पुष्कर में है। इसके अलावा, पुष्कर में 52 घाट भी प्रसिद्ध है। इन घाटों पर धार्मिक कार्य किए जाते हैं। खासकर पुष्कर मेला और कैमल सफारी के लिए दुनियाभर से पर्यटक पुष्कर आते हैं। आप हॉलिडे सेलिब्रेशन के लिए पुष्कर जा सकते हैं।
बाड़मेर, राजस्थान
राजस्थान अपनी संस्कृति और सभ्यता के लिए जाना जाता है। राजस्थान में कई पर्यटन स्थल हैं, जो विश्व प्रसिद्ध हैं। इनमें एक बाड़मेर है, जो जैसलमेर से महज 153 किलोमीटर दूर स्थित है। इस शहर में कई ऐतिहासिक स्मारक हैं। आप अपने दोस्तों और परिवारजनों के साथ बाड़मेर की सैर कर सकते हैं।
सारनाथ, उत्तरप्रदेश
सारनाथ धार्मिक स्थल है। खासकर बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए मक्का-मदीना के समतुल्य है। यह उत्तर प्रदेश राज्य में स्थित है। दुनियाभर के पर्यटक और श्रद्धालु सारनाथ भगवान बुद्ध के दर्शन हेतु आते हैं। इतिहासकारों की मानें तो भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्ति के बाद पहला उपदेश सारनाथ में दिया था। इसके लिए सारनाथ का बौद्ध धर्म में विशेष महत्व है।