लक्ज़री हॉलीडे और ग्रांड वेडिंग डेस्टिनेशन के लिए मशहूर है इटली का लेक कोमो
बॉलीवुड सेलिब्रिटीज़ की शादी को लेकर पॉप्युलर हुआ इटली का लेक कोमो वाकई बहुत खूबसूरत है। शादी के अलावा ये जगह लक्जरी हॉलीडे डेस्टिनेशन के तौर पर भी बहुत मशहूर है। जानेंगे इसकी खासियत।
इटली के लेक कोमो की गिनती दुनिया के सबसे खूबसूरत झीलों में होती है। यह जगह अब दुनियाभर के सेलेब्स और बिजनेसमैन के बीच वेडिंग डेस्टिनेशन के तौर पर भी मशहूर हो रहा है। अभी कुछ दिनों पहले मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी की सगाई भी लेक कोमो में हुई थी। खबर है कि दीपिका और रणवीर की शादी भी इस जगह पर हो सकती है। वैसे, दुनिया के कई सेलेब्रिटी इस जगह के दीवाने हैं।
क्यों है खास लेक कोमो
लेक कोमो का मौसम काफी अच्छा रहता है इसलिए साल भर में कभी भी शादी की प्लानिंग की जा सकती है। वेडिंग के लिए यहां पर बहुत सारे वेडिंग प्लानर भी आसानी से मिल जाते हैं। इटली का लेक कोमो शादी करने के लिए बहुत ही खूबसूरत जगह है। शादी को और शानदार बनाने के लिए यहां तकरीबन 52 विला भी मौजूद हैं।
इटली का तीसरा सबसे बड़ा लेक
लेक कोमो इटली का तीसरा सबसे बड़ा लेक है। करीब 146 स्क्वायर किमी. में फैले इस झील की गहराई करीब 1300 फीट है। इसका तट लगभग 160 किमी लंबा है, जिसके चारों ओर गांव और शहर बसे हैं, जहां एक से एक महंगे और आलीशान बंगले हैं। वैसे, लेक के चारों तरफ का नजारा भी बहुत ही दिलकश है। चारो ओर फैली हरियाली, बर्फ से ढ़की पहाडि़यां और रंग-बिरंगे फूलों की वजह से यहां की खूबसूरती देखते ही बनती है। लेक के आस-पास के गांव में रंग-बिरंगे घर भी सैलानियों को खूब आकर्षित करते हैं।
गॉथिक आर्किटेक्चर की वजह से इस जगह की खूबसूरती कई गुना और बढ़ जाती है। लैटिन भाषा में इस झील को लारियस नाम से पुकारा जाता है, लेकिन ज्यादातर इसे लागो दी कोमो यानी लेक ऑफ कोमो के नाम भी जानते हैं।
वीआइपीज के बीच पॉपुलर है ये जगह
लेक कोमो स्थित विला डेल बालबियानेलो में दुनिया के कई वीआइपी और फेमस स्पोर्ट्स प्लेयर्स की शादी हो चुकी है। वैसे, बॉलीवुड ऐक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने भी इटली में ही शादी की थी। इनकी शादी इटली के टस्कनी में हुई थी।
मिलान से लेक कोमो की दूरी
इटली के बहुत ही खूबसूरत और मशहूर शहर मिलान से लेक कोमो की दूरी करीब 84 किमी. है। यह जगह हाल ही में तब चर्चा में आई, जब हॉलीवुड सेलेब्रिटी जॉर्ज क्लूनी ने यहां पर एक घर खरीदा था। इन बंगलों से इस झील की खूबसूरती को निहारा जा सकता है। कई नामी हस्तियों ने इस झील के किनारे घर ले रखे हैं।
खान-पान
यह झील न सिर्फ अपनी खूबसूरती, बल्कि यहां के लोकल बाजार और लोकल खानपान के लिए भी जानी जाती है। यह जगह सिल्क के उत्पादन के लिए खासतौर से जानी जाती है। यहां के फार्म में शहद, ऑलिव ऑयल, चीज व अन्य कई प्रोडक्ट्स का उत्पादन भी होता है जो लोगों को बेहद पसंद आते हैं।