IRCTC भारत गौरव ट्रेन से मात्र ₹20-25 हजार में करें 10 दिन की तीर्थ यात्रा, देखें जून-जुलाई का शेड्यूल
क्या आप अपने माता-पिता को किसी तीर्थ स्थल पर भेजने की योजना बना रहे हैं? मगर खाने-पीने और सुरक्षा की ...और पढ़ें

IRCTC भारत गौरव ट्रेन: अगले दो महीनों में होने वाली हैं 6 शानदार तीर्थ यात्राएं (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। तीर्थ यात्रा पर जाने का मन तो हर बुजुर्ग का होता है, लेकिन सफर की थकान, सुरक्षा की चिंता और होटल-टिकट बुक करने का झंझट अक्सर कदमों को रोक लेता है। अगर आप भी अपने माता-पिता को किसी तीर्थ पर भेजने का सोच रहे हैं या खुद यात्रा पर जाना चाहते हैं, तो आपके लिए एक बेहद अच्छी खबर है।
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) की 'भारत गौरव ट्रेनों' के जरिए अब मात्र 20 से 25 हजार रुपये में 10 दिन की शानदार तीर्थ यात्रा की जा सकती है। आइए जानते हैं इस खास टूर पैकेज की सभी खूबियां और अगले 2 महीनों का पूरा शेड्यूल।

(Image Source: AI-Generated)
क्यों चुनें 'भारत गौरव' ट्रेन का टूर पैकेज?
इस पैकेज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें आपको टिकट और होटल बुक करने जैसी कोई भागदौड़ नहीं करनी पड़ती। वैसे तो इसमें कोई भी सफर कर सकता है, लेकिन बुजुर्गों की सुविधाओं का इसमें विशेष ध्यान रखा गया है।
- रहने-खाने की पूरी व्यवस्था: पैकेज में ट्रेन का आरामदायक सफर, होटल में ठहरना और शुद्ध शाकाहारी भोजन शामिल है।
- बजट के मुताबिक कोच: आप अपनी जेब के अनुसार स्लीपर क्लास से लेकर 1st AC तक के कोच का चुनाव कर सकते हैं।
- सुगम दर्शन: रेलवे स्टेशन से तीर्थ स्थलों तक ले जाने के लिए AC बसों की सुविधा मिलती है।
- सुरक्षा पहले: सफर के दौरान यात्रियों की मदद के लिए एक टूर एस्कॉर्ट हमेशा साथ रहता है। इसके अलावा, हर यात्री को 10 लाख रुपये तक का यात्रा बीमा भी मिलता है।
- बिना पासपोर्ट-वीजा विदेश यात्रा: इन ट्रेनों के जरिए नेपाल और भूटान जैसे देशों के दर्शन भी किए जा सकते हैं। इसके लिए आपको पासपोर्ट या वीजा नहीं चाहिए। बॉर्डर स्टेशन से आपको बसों के जरिए संबंधित देशों के तीर्थ स्थलों तक ले जाया जाएगा।
अगले दो महीनों के 6 शानदार टूर शेड्यूल
IRCTC हर सीजन में अलग-अलग राज्यों के प्रमुख स्टेशनों से इन ट्रेनों का संचालन करता है। आगामी दो महीनों में होने वाली 6 यात्राओं की सूची यहां दी गई है, जिसमें नेपाल दर्शन भी शामिल है:

(Image Source: AI-Generated)
द्वारका और 7 धाम की यात्रा (1 जून)
- यात्रा का समय: 10 रातें और 11 दिन।
- बोर्डिंग स्टेशन: जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर आदि।
- कहां-कहां होंगे दर्शन: नागेश्वर, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर, महाकालेश्वर, द्वारकाधीश मंदिर, सोमनाथ और त्र्यंबकेश्वर।
नेपाल दर्शन की दो यात्राएं (12 जून और 24 जून)
- यात्रा का समय: 9 रातें और 10 दिन।
- बोर्डिंग स्टेशन: इंदौर, उज्जैन, सीहोर, भोपाल, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना आदि।
- कहां-कहां होंगे दर्शन: काठमांडू का पशुपतिनाथ मंदिर, चितवन (सूर्यास्त व्यू पॉइंट व सफारी) और पोखरा (सूर्योदय व्यू पॉइंट)।
सात ज्योतिर्लिंग यात्रा (12 जून)
- यात्रा का समय: 11 रातें और 12 दिन।
- बोर्डिंग स्टेशन: ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, कानपुर आदि।
- कहां-कहां होंगे दर्शन: महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, घृष्णेश्वर, भीमाशंकर और त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग।
पुरी - कामाख्या - बैद्यनाथ धाम (25 जून)
- यात्रा का समय: 11 रातें और 12 दिन।
- बोर्डिंग स्टेशन: पुणे, नासिक, मनमाड, भुसावल, अकोला, नागपुर आदि।
- कहां-कहां होंगे दर्शन: जगन्नाथ पुरी, गुवाहाटी में कामाख्या देवी, बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग, काशी विश्वनाथ और अयोध्या।
दक्षिण भारत यात्रा (14 जुलाई)
- यात्रा का समय: 12 रातें और 13 दिन।
- बोर्डिंग स्टेशन: दुमका, हंसडीहा, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर, बख्तियारपुर, पटना साहेब, पटना और आरा आदि।
- कहां-कहां होंगे दर्शन: तिरुपति, रामेश्वरम, कन्याकुमारी, मदुरै और मल्लिकार्जुन मंदिर।
अकेले सफर करने वालों के लिए एकदम सुरक्षित
अगर आपके बच्चे विदेश में रहते हैं या किसी वजह से आपके साथ नहीं जा सकते, तो भी आप अकेले इस यात्रा पर बेझिझक जा सकते हैं। इस टूर में यात्रियों की हर छोटी-बड़ी जरूरत का ख्याल रखा जाता है, जिससे अकेले सफर करने में भी कोई डर नहीं रहता। बुकिंग एवं पूछताछ के लिए आप IRCTC की वेबसाइट देख सकते हैं।
