विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या आपने देखा है भारत का 'मिनी स्विट्जरलैंड'? डलहौजी से सिर्फ 22 किमी दूर बसी है ये जन्नत

Published: Mon, 15 Jun 2026 02:07 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश में स्थित खज्जियार की खूबसूरती स्विट्जरलैंड से कम नहीं है। वादियों और जंगली पेड़-पौधों से घिरी यह जगह वेकेशन के लिए परफेक्ट है।

स्विट्जरलैंड से कम नहीं है हिमाचल का खज्जियार (Picture Courtesy: Instagram)

स्विट्जरलैंड से कम नहीं है हिमाचल का खज्जियार (Picture Courtesy: Instagram)

HighLights

  1. खज्जियार को 7 जुलाई 1992 को मिनी स्विट्जरलैंड का खिताब मिला

  2. खज्जियार झील, कालाटॉप सेंक्चुरी और डैनकुंड पीक प्रमुख आकर्षण हैं

  3. मार्च से जून घूमने का सबसे अच्छा समय, दिसंबर-फरवरी में बर्फबारी

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। स्विट्जरलैंड अपनी खूबसूरत वादियों के लिए दुनियाभर में मशहूर है। दुनियाभर के टूरिस्ट्स इस खूबसूरत देश में वेकेशन मनाने आते हैं, लेकिन आप बिना लाखों रुपए खर्च किए और वीजा के झंझट के बिना भी स्विट्जरलैंड जैसी खूबसूरत वादियां देख सकते हैं। 

हम बात कर रहे हैं हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में स्थित खज्जियार की, जिसे भारत का मिनी स्विट्जरलैंड भी कहा जाता है। यह समुद्र तल से लगभग 6,500 फीट की ऊंचाई पर बसा एक छोटा-सा हिल स्टेशन है, जो अपने विशाल हरे-भरे घास के मैदानों, देवदार के जंगलों और खूबसूरत झील के लिए मशहूर है। आइए जानें इस खूबसूरत हिल स्टेशन के बारे में। 

खज्जियार को क्यों मिला यह नाम?

7 जुलाई 1992 को स्विट्जरलैंड के तत्कालीन वाइस-काउंसलर विली पी. ब्लेजर ने खज्जियार की बेमिसाल खूबसूरती और वहां की भौगोलिक बनावट को देखकर इसे मिनी स्विट्जरलैंड का खिताब दिया था। उन्होंने यहां एक साइनबोर्ड भी लगाया था, जो दिखाता है कि स्विट्जरलैंड की राजधानी बर्न यहां से कितनी दूर है। खज्जियार दुनिया की उन चुनिंदा जगहों में से एक है, जिनकी खूबसूरती हूबहू स्विट्जरलैंड से मिलती है।

खज्जियार में घूमने की जगहें 

  • खज्जियार झील- इस खूबसूरक मैदान के बीच एक प्राकृतिक झील है। इसके चारों ओर फैली हरियाली और झील का साफ पानी प्रकृति के बेहद करीब होने का एहसास करवाता है। 
  • कालाटॉप वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी- ब्लैक बीयर, चीता, हिरन और भी कई वन्यजीव इस सेंक्चुरी में रहते हैं। यहां आपको कई तरह के पहाड़ी पौधे भी देखने को मिलते हैं, जो यहां की खूबसूरती को और भी बढ़ा देते हैं। 
Khajjiar (6)
(Picture Courtesy: Instagram)
  • डैनकुंड पीक- अगर आपको ट्रैकिंग का शौक है, तो खज्जियार के पास स्थित इस चोटी पर जरूर जाएं। यहां से पूरी घाटी का बेहद खूबसूरत नजारा दिखाई देता है।  
  • खज्जी नाग मंदिर- खज्जियार झील से कुछ ही दूरी पर 12वीं शताब्दी का ऐतिहासिक खज्जी नाग मंदिर स्थित है। यह नाग देव को समर्पित है। इस मंदिर की वास्तुकला काफी खूबसूरत है। 

खज्जियार घूमने के लिए जरूरी ट्रेवल टिप्स 

यहां घूमने का सबसे सही समय मार्च से जून तक का है, जब आप चारों ओर फैली हरियाली देख सकते हैं। अगर आपको बर्फबारी देखनी है, तो आप दिसंबर से फरवरी के महीने में जाएं। इस समय वादियां बर्फ की सफेद चादर में लिपट जाती हैं।

यहां आप जॉर्बिंग, पैराग्लाइडिंग, घुड़सवारी और ट्रेकिंग जैसी मजेदार एक्टिविटीज में भी हिस्सा ले सकते हैं। साथ ही, इस बात का ध्यान रखें कि गर्मी के मौसम में भी अपने साथ एक हल्की जैकेट साथ रखें, क्योंकि शाम को ठंड बढ़ जाती है।  

कैसे पहुंचें?

  • आप यहां हवाई मार्ग से भी पहुंच सकते हैं। खज्जियार का सबसे नजदीकी एयरपोर्ट कांगड़ा का गगल एयरपोर्ट है, जो यहां से लगभग 130 किमी दूर है। 
  • रेल मार्ग से आपको पहले पठानकोट रेलवे स्टेशन उतरना होगा, जहां से खज्जियार 80-95 किमी की दूरी पर है। स्टेशन से आप टैक्सी या बस ले सकते हैं।
  • सड़क के जरिए खज्जियार, डलहौजी से सिर्फ 22 किलोमीटर दूर है। आप डलहौजी तक आसानी से बस या कार से आ सकते हैं और वहां से खज्जियार पहुंच सकते हैं।