पर्यटकों के लिए खुशखबरी, नए नियमों के साथ फिर खुलीं स्पेन की खूबसूरत जगहें
स्पेन ने यूरोप के अधिकतर देशों के पर्यटकों के लिए अपनी सीमाओं को फिर से खोलते हुए ब्रिटिश पर्यटकों को बिना क्वारंटाइन के घूमने की अनुमति दे दी है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। लंबे लॉकडाउन ने ना सिर्फ लोगों की जिंदगी को नीरस कर दिया है, बल्कि पर्यटन उद्योग को भी चौपट कर दिया है। हालांकि, कोरोना अभी थमा नहीं है, लेकिन लोगों की आर्थिक और मानसिक स्थितियों को देखते हुए देश और दुनिया की सरकारें अब लॉकडाउन में कुछ ढील देकर हालात को नॉर्मल बनाने की पुरजोर कोशिश कर रही हैं।
स्पेन ने यूरोप के अधिकतर देशों के पर्यटकों के लिए अपनी सीमाओं को फिर से खोलते हुए ब्रिटिश पर्यटकों को बिना क्वारंटाइन के घूमने की अनुमति दे दी है। स्पेन की मृत्यु दर यूरोपियन यूनियन में तीसरे स्थान पर है। स्पेन में पर्यटन उद्धोग को सबसे बड़ा झटका लगा है। स्पेन दूसरा ऐसा देश है, जहां दूसरे नंबर पर पर्यटन जाना पसंद करते हैं।
14 मार्च को स्पेन में आपातकाल लगाया गया था। लगभग तीन महीनों तक चली आपातकालीन स्थिति को स्पेन ने सोमवार को हटा दिया है। तीन महीने तक स्पेन कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए यूरोप के सबसे कठिन लॉकडाउन में रहा। यहां आपातकाल के बाद लोग कई हफ्तों तक घरों से बाहर नहीं निकल सके थे। प्रधानमंत्री पेड्रो सेंचेज ने कहा है कि लॉकडाउन में ढील के बावजूद स्वच्छता और बाकी नियमों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।
पर्यटन को खोलना जरूरी-
स्पेन आमतौर पर सालाना आठ करोड़ पर्यटकों को आकर्षित करता है। देश के सकल घरेलू उत्पाद का 12% से अधिक पर्यटन से आता है। गर्मी का मौसम खत्म होने से पहले फिर से छुट्टियों का बाजार खोलना स्पेन की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
आगमन के दौरान सभी यात्रियों की हवाई अड्डे पर थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। यहां अब ईयू के देश और शेंगेन जोन के देश के पर्यटक आ सकेंगे। सभी पर्यटकों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा और उन्हें सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करना पड़ेगा।
Written By Shahina Noor