लाहौल-स्पीति आकर लें तिब्बती अंदाज में तैयार नॉन-वेजिटेरियन जायकों का मज़ा
स्पीति घाटी का स्कयू फैमर शूनाली पर्यटकों में काफी लोकप्रिय है। ये थुपका व मोमोज की तर्ज पर ही बनाए जाते हैं। सबसे खास होता है नॉन-वेज जिसे तिब्बती स्टाइल में तैयार किया जाता है
लाहौल-स्पीति एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, इसलिए यहां अलग-अलग प्रकार के खानपान का लुत्फ ले सकते हैं। स्पीति का खानपान व रहन-सहन लद्दाख व तिब्बत से मिलता-जुलता है। अधिकांश रेस्तरांओं में भारतीय भोजन दाल-चावल व रोटी-सब्जी भी मिलती है। स्पीति घाटी का स्कयू, फैमर, शूनाली पर्यटकों में काफी लोकप्रिय है। ये थुपका व मोमोज की तर्ज पर ही बनाए जाते हैं। चूंकि ये स्थानीय हैं, इसलिए स्वाद में अलग होते हैं। यदि आप मांसाहारी व्यंजनों के शौकीन हैं, तो इस लिहाज से यह स्थान आपको खासा पसंद आएगा। दरअसल, बर्फीला क्षेत्र होने के कारण मांसाहारी भोजन की अधिकता है, जो तिब्बती अंदाज में ही तैयार किए जाते हैं। यहां आपको पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेना हो तो यहां खुले रेस्तरां का रुख करना चाहिए। काजा में खुले रेस्तरां खूब हैं।
मक्खन वाली चाय
याक के दूध की क्रीम से बनने वाली यहां की मक्खन वाली चाय जरूर चखें। इसका फ्लेवर बिलकुल ही अलग होता है। ये आमतौर में रेस्टोरेंट्स में नहीं मिलती पर यहां घरेलू खाने का अहम हिस्सा होती है। इसका रंग गुलाबी और स्वाद थोड़ा सा नमकीन होता है।
थुपका
थुपका लद्दाखी खाने में विशेष रूप से खाया जाता है। सर्दी से बचने के लिए नूडल्स, सब्जियों और मीट के टुकड़ों को साथ में पकाकर बनाया गया थुपका यहां की लोकल ब्रेड जिसे खमीर कहते हैं के साथ परोसा जाता है। थुपका आपको लद्दाख में छोटी से छोटी दुकान में भी मिल जायगा।
मोकथुक
मोकथुक यहां की एक और डिश है जिसे लद्दाखी लोग बड़े चाव से खाते हैं। इस डिश में मोमोज को सूप के साथ पकाया जाता है और गर्म-गर्म परोसा जाता है।
छांग
छांग यहाँ की देसी शराब है, जिसे लद्दाखी लोग खुद तैयार करते हैं। इससे हल्का-हल्का नशा होता है। जब ये लोग खेतों में काम करने जाते हैं तो छांग भर कर ले जाते हैं जिसे पीने से इनका शरीर गर्म रहता है और लद्दाख के सख्त मौसम से दो-दो हाथ करने की ऊर्जा भी मिलती है।
खुबानी का जैम (एप्रिकॉट जैम)
खुबानी और इससे बनने वाली डिशेज़ लद्दाख में बहुत मशहूर है। जैम से लेकर अचार, फेसपैक और स्क्रब तक में एप्रिकॉट (खुबानी) का इस्तेमाल होता है। खुबानी से बनने वाली खाने की चीज़ें न सिर्फ टेस्टी होती हैं बल्कि ये काफी हेल्दी भी होती हैं।
याक चीज़
याक चीज़ सुनकर यक करने की जरूरत नहीं बल्कि ये काफी टेस्टी होता है। आम चीज़ से अलग याक चीज़ याक के दूध से तैयार किया जाता है और टेस्ट के लिए इसमें खट्टे फलों का रस भी मिलाया जाता है। यहां की लोकल बेकरी से आप इसे खरीद सकते हैं।
टीग्मो
कई तरह की सब्जियों और खमीर वाले ब्रेड से तैयार होने वाले टीग्मो का स्वाद भी यहां आकर लेना न भूलें। वेजिटेरियन और नॉन वेजिटेरियन दोनों ही इस डिश को एन्जॉय कर सकते हैं। खट्टी-मीठी इस डिश को स्नैक्स के अलावा खाने में भी सर्व किया जाता है।