दिल्ली मेट्रो भी कर रही है सर्विस शुरू करने की तैयारी, जानें-क्या हो सकती है नई गाइडलाइंस
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के इस ट्वीट से स्पष्ट है कि भारतीय रेल की तरह दिल्ली मेट्रो सेवा भी जल्द शुरू हो सकती है। इसके लिए गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। भारतीय रेल की तर्ज पर दिल्ली मेट्रो समेत देश की अन्य मेट्रो सेवाएं भी चंद दिनों में शुरू हो सकती हैं। इस बात की जानकारी दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के ट्वीट से मिलती है, जिसमें बताया गया है कि विशेष रूप से प्रशिक्षित गृहव्यवस्था कर्मचारियों ( Housekeeping Staffs) को स्टेशनों पर नियुक्त किए गए हैं, जो मेट्रो के सुरक्षित संचालन शुरू करने के लिए यात्रियों के आवागमन जगहों सहित एफसी गेट्स (AFC gates), लिफ्ट्स और स्वचालित सीढ़ियों (Escalators) की साफ-सफाई करेंगे।
Specially trained housekeeping staffs are deployed in stations to clean passenger movement areas and associated equipment such as AFC gates, lifts and escalators to begin safe operations. pic.twitter.com/E6z3Lof3Oa
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) May 11, 2020
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के इस ट्वीट से स्पष्ट है कि भारतीय रेल की तरह दिल्ली मेट्रो सेवा भी जल्द शुरू हो सकती है। इसके लिए गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। साथ ही यात्रियों को नई गाइडलाइंस का पालन करना होगा। आइए जानते हैं कि दिल्ली मेट्रो में यात्रा के लिए किन नियमों का पालन करना अनिवार्य हो सकता है-
-यात्रियों के मोबाइल में आरोग्य सेतु (Aarogya Setu) ऐप होना अनिवार्य होगा। जब यात्री जांच केंद्र से गुजरेंगे, तो उन्हें सुरक्षा में तैनात कर्मचारी को सबसे पहले अपने मोबाइल में आरोग्य सेतु (Aarogya Setu) ऐप दिखाना पड़ सकता है।
-अगर किसी व्यक्ति को फ्लू जैसी कोई समस्या होगी, तो उन्हें यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
-यात्रियों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। अगर कोई यात्री बिना मास्क के मेट्रो स्टेशन पर जाता है तो उसे यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं, मेट्रो कर्मचारियों को मास्क और दस्ताने दोनों पहनने होंगे।
-मेट्रो परिसर में PPE किट उपलब्ध होंगे। अगर किसी यात्री में कोरोना संक्रमित लक्षण पाए जाते हैं तो उसे तुरंत PPE किट पहनाकर उपचार के लिए भेजा जाएगा।
-पहले की भांति फिलहाल किसी भी मेट्रो स्टेशन पर खान-पान के स्टोर्स खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
-यात्रियों को सोशल डिस्टैंस मैंटेन करना पड़ेगा। इसके लिए मेट्रो में पहले की अपेक्षा 50 फीसदी कम यात्रियों को एक मेट्रो में यात्रा करने की अनुमति होगी।
-मेट्रो सेवा भी कई चरणों में शुरू होगी। इसके लिए सबसे पहले येलो, ब्लू या मेजेंटा लाइन की सेवा शुरू हो सकती है। इसके बाद अन्य लाइंस की सेवा शुरू की जा सकती है।