कोरोना वायरस महामारी के चलते बेल्जियम में रेल यात्रा किया गया फ्री
इस पास के माध्यम से यात्री निःशुल्क 1 जुलाई से लेकर 1 दिसंबर के बीच दस बार रेल यात्रा कर सकते हैं। साथ ही पर्यटकों को अपनी बाइक ले जाने की भी अनुमति होगी।
दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। विश्व के दर्जनों देशों में कोरोना वायरस महामारी के बीच लॉकडाउन में ढील दी जा रही है। इसके साथ ही कई देश पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नियमों में बदलाव भी कर रहे हैं। इस क्रम में बेल्जियम ने तीन महीने के बाद लॉकडाउन में ढील दी है। जबकि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रेल यात्रा भी फ्री की है।
खबरों की माने तो बेल्जियम सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए देश के नागरिकों को रेल में दस बार मुफ्त यात्रा करने की सुविधा दी है। इसकी घोषणा सरकार ने कर दी है। इसके अंतर्गत बेल्जियम के हर नागरिक को रेल यात्रा पास दिया जाएगा। इससे सरकार पर प्रति व्यक्ति 83 पाउंड्स का अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा।
इस पास के माध्यम से यात्री निःशुल्क 1 जुलाई से लेकर 1 दिसंबर के बीच दस बार रेल यात्रा कर सकते हैं। साथ ही पर्यटकों को अपनी बाइक ले जाने की भी अनुमति होगी। इसके लिए भी उन्हें कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा। हालांकि, इसके कुछ नए नियम बनाए गए हैं, जिसमें सैनिटाईज़ करना, मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंस मैंटेन करना आदि है।
बेल्जियम सरकार के इस कदम से ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि इससे बेल्जियम की अर्थव्यवस्था में सुधार आएगा क्योंकि लंबे समय तक घर में बंद रहने के बाद पहली बार लोगों को निःशुल्क देश भर्मण का मौका मिला है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है।
गौरतलब है कि बेल्जियम में 60 हजार से अधिक लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें 9 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 16 हजार से अधिक लोग का सफल इलाज किया जा चुका है। फ़िलहाल बेल्जियम में स्थिति नियंत्रण में है। इस मद्देनजर लॉकडाउन में ढील दी जा रही है। साथ ही अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए सभी वर्गों को विशेष छूट दी जा रही है।