नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। National Cake Day 2022: हर साल 26 नवंबर को नेशनल केक डे मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने की शुरूआत अमेरिका में हुई थी। हम हर खुशी के मौके पर केक काटते हैं। बर्थडे पार्टी, वेडिंग फंक्शन या दोस्तों के साथ खास समय बिताना हो- इन सारे मोमेंट्स को स्पेशल बनाने के लिए केक को जरूर शामिल करते हैं।
केक बनाने के कई तरीके हैं। चाहें तो आप घर पर भी केक बना सकते हैं। स्वादिष्ट केक बनाने के लिए ट्राई करें ये आसान रेसिपी।

चॉकलेट केक बनाने के लिए आजमाएं ये रेसिपी
सामग्री
1 कप मैदा, 4 चम्मच चीनी, आधा कप दूध, 2 चम्मच कोको पाउडर, 1 टी स्पून बेकिंग सोडा, 4 डार्क चॉकलेट, 2 टी स्पून बटर, एक चुटकी नमक, 1 चम्मच घी या तेल।
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बाउल में मैदा लें, अब इसमें बेकिंग पाउडर, कोको पाउडर, चीनी, नमक और बेकिंग सोडा डालकर मिक्स करें।
- अब एक अलग बाउल में चीनी और तेल लें, इसमें मैदे का मिश्रण मिलाएं।
- फिर दूध की मदद से बैटर तैयार कर लें।
- अब केक मोल्ड को लें और इसे तेल या घी लगाकर चिकना कर लें।
- केक मोल में बैटर डालें, अब ओवन को गर्म करें।
- जब ओवन गर्म हो जाए तो इसमें केक मोल्ड को रख दें।
- ओवन में 25 मिनट तक केक को बेक होने दें।
- अब एक कटोरी में डार्क चॉकलेट लें, इन्हें टुकड़ों में कर लें।
- इसमें गरम दूध डालकर पेस्ट तैयार करें।
- 25 मिनट बाद ओवन से केक निकाल लें।
- इस पर चॉकलेट का पेस्ट डालकर पूरी तरह कोट कर दें।
- फिर केक को फ्रिज में 1 घंटे के लिए रख दें।
- तैयार है आपका चॉकलेट केक।
फ्रूट केक
साम्रगी
1 बाउल मैदा, 2 कच्चे अंडे, 5 बड़े चम्मच चीनी, 2 चम्मच क्रीम, 1 टी स्पून बेकिंग पाउडर, 1 संतरा, 1 केला, 1 सेब।
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बाउल में मैदा, चीनी और बेकिंग पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं, इसमें कच्चे अंडे डालें।
- इस मिश्रण को अच्छी तरह फेंट लें।
- अब इसे केक मोल में डालें और बेक करने के लिए माइक्रोवेव में रख दें।
- क्रीम और चीनी का मिश्रण बना लें। इसे बेक किए हुए केक पर अच्छे से फैला लें।
- सभी फ्रूट्स को अच्छे से धोकर टुकड़ो में काटकर रख लें।
- अब इन कटे हुए फ्रूट्स को केक पर रखें, चाहें तो ड्राई फ्रूट्स भी रख सकते हैं।
- फ्रिज में आधे घंटे के लिए केक को रख दें।
- तैयार है फ्रूट केक।