International Cat Day 2019: अपनी प्यारी पालतू बिल्ली का रखें खास ख्याल, अपनाएं ये टिप्स!
International Cat Day 2019 बिल्लियों को आप बड़ी आसानी से पाल सकते हैं। हालांकि आपके पास कोई सा भी पालतू जानवर हो उसका खास ख्याल रखना ज़रूरी होता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। International Cat Day 2019: पालतू जानवरों में कुत्तों के बाद अक्सर बिल्ली ही लोगों की पसंद होती है। दरअसल, बिल्ली की देखभाल कुत्तों की तुलना में थोड़ी कम करनी पड़ती। मसलन, उन्हें दिन में कई बार वॉक पर नहीं ले जाना पड़ता, उनका साइज़ छोटा ही रहता है, वो शांत रहती हैं और कुत्तों के मुकाबले उनकी आवाज़ काफी धीमी होती है।
बिल्लियों को आप बड़ी आसानी से पाल सकते हैं। हालांकि, आपके पास कोई सा भी पालतू जानवर हो, उसका खास ख्याल रखना ज़रूरी होता है। ऐसे ही अगर आपके पास बिल्ली है तो आपको उसका विषेश ध्यान रखना चाहिये क्योंकि वह काफी संवेदनशील होती हैं। अगर यह आपका पहला पेट है तो हम आपको दे रहे हैं उसका ख्याल रखने के खास टिप्स।
कैट की बेहतर केयर के लिए खरीदें ये बेस्ट प्रोडक्ट्स
रखें इन बातों का खास ख्याल:
1. सबसे ज़रूरी बात, अगर आपके पास बिल्ली का नन्हा बच्चा है तो उसे डॉक्टर के पास लेजाकर टीका ज़रूर लगवाएं। इंसान के बच्चे की तरह जानवरों को भी कई तरह के टीके लगते हैं, जो उन्हें कई जानलेवा बीमारियों से बचाते हैं।
2. जैसे इंसान का बच्चा शुरुआत में ज़्यादा समय सोता है और बस खाने के लिए ही उठते है वैसे ही जानवरों के बच्चे भी दिन में ज़्यादा समय सोते हैं। इसलिए अगर आपके पास नन्ही बिल्ली है तो उसे ज़्यादा से ज़्यादा सोने दें। खासकर अगर आपके घर बच्चे हैं तो उन्हें समझाएं कि उसको ज़्यादा परेशान न करें।
3. बिल्ली के बच्चे को ज़्यादा बाहर भी न लेकर जाएं। ज़्यादा बाहर जाने से उसे कई बीमारियां लग सकती हैं।
4. नन्ही बिल्ली के बच्चे को वयस्क बिल्ली की तुलना में दुगने पोषण की ज़रूरत होती है। जब यह 5-6 महीने की हो जाएं तब इन्हें दिन में चार बार भोजन देना शुरू कर दें।
5. बिल्ली को कभी भी कुत्ते का खाना न खिलाएं। सही प्रकार का पोषण देने के लिए उसे हमेशा बिल्लियों वाला भी खाना खिलाएं।
6. 8-10 महीने के बाद उसे कभी भी सिर्फ दूध या बिल्ली वाला खाना ना ही खिलाएं बल्कि घर का बना खाना जैसे, चावल, दूध और दही भी दें।
7. बिल्ली को रोजाना नहलाने की जरूरत नहीं है। जब बिल्ली के तन से बदबू आने लगे तब आप उसे ठंडे पानी से नहला सकती हैं। गरम पानी बिल्ली के शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है।
8. बिल्ली के बालों को रोजाना ब्रश करें। इससे टूटे बाल निकल जाएंगे और घर में नहीं फैलेंगे।
9. अपनी बिल्ली के साथ कुछ दिनों तक बिस्तर में सोइये लेकिन इसको कभी भी आदत ना बनाएं। एक बार अगर उन्हें आपके साथ सोने की आदत हो गई तो वह आपका पीछा कभी नहीं छोड़ेंगी।
10. जब आपकी बिल्ली बड़ी हो जाए तो उसके साथ बाहर खेलिए। दौड़ना-भागना आपकी बिल्ली के सेहत के लिए ज़रूरी होता है।
11. वैसे तो बिल्ली खुद ब खुद अपनी साफ सफाई का ख्याल रखती है। लेकिन उसके दांत, कान और नाखूनों की देखभाल भी ज़रूरी होती है। उन्हें हमेशा साफ करते रहिए।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप