When Is Good Friday 2020: कब है गुड फ्राइडे, ईसाई समुदाय में क्यों है ये इतना ख़ास?
What Is Good Friday 2020 गुड फ्राइडे को कुछ लोग होली फ्राइडे कहते हैं तो कुछ लोग ग्रेट फ्राइडे कहते हैं। अलग-अलग देशों में गुड फ्राइडे को अलग-अलग नामों से जाना जाता है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। What Is Good Friday 2020: ईसाइयों के बीच गुड फ्राइडे (Good Friday) का बड़ा महत्व है। गुड फ्राइडे ईसाई समुदाय के सबसे प्रमुख त्यौहारों में से एक है। इस बार गुड फ्राइडे 10 अप्रैल को मनाया जाएगा। गुड फ्राइडे को कुछ लोग 'होली फ्राइडे' कहते हैं तो कुछ लोग 'ग्रेट फ्राइडे' कहते हैं। अलग-अलग देशों में गुड फ्राइडे को अलग-अलग नामों से जाना जाता है।
इसलिए मनाया जाता है गुड फ्राइडे
इस दिन ईसाई समुदाय के गुरु ईसा मसीह को सूली पर चढ़ाया गया था। इसके तीन बाद ही वो ज़िंदा हो उठे थे, जिसके बाद ईस्टर संडे मनाया जाने लगा। हालांकि, 'गुड फ्राइडे' को ईसाई धर्म के लोग 'शोक दिवस' के रूप में मनाते हैं। लोगों के ज़हन में सबसे बड़ा सवाल इस बात को लेकर रहता है कि जिस दिन यीशू को सूली पर चढ़ाया गया था, उस दिन को 'गुड' कैसे कह सकते हैं।
दरअसल, ईसाई धर्म में यह मान्यता है कि ईसा मसीह ने लोगों की भलाई के लिए अपनी जान दी थी, इसलिए इस दिन को 'गुड' कहकर संबोधित किया जाता है। चूंकि यह दिन शुक्रवार को आता है इसलिए इसे 'गुड फ्राइडे' कहा जाता है। इस दिन को उनकी कुर्बानी दिवस के रूप में मनाते हैं।
गुड फ्राइडे नाम कैसे जुड़ा
ईसाई धर्म के अनुसार ईसा मसीह परमेश्वर के बेटे हैं। उन्हें अज्ञानता के अंधकार को दूर करने के लिए मृत्यु दंड की सजा दी गई। कट्टरपंथियों को खुश करने के लिए पिलातुस ने यीशु को क्रॉस पर लटकाकर जान से मारने का आदेश दे दिया। उनपर कई तरह से यातनाएं की गईं। लेकिन यीशु उनके लिए प्रार्थना करते रहे कि 'हे ईश्वर! इन्हें क्षमा करना क्योंकि ये नहीं जानते कि ये क्या कर रहे हैं।' जिस दिन ईसा मसीह को क्रॉस पर लटकाया गया था उस दिन फ्राइडे यानी कि शुक्रवार था। तब से उस दिन को गुड फ्राइडे कहा जाने लगा। गुड फ्राइडे को होली फ्राइडे, ब्लैक फ्राइडे और ग्रेट फ्राइडे भी कहा जाता है।
इस तरह मनाते हैं गुड फ्राइडे
गुड फ्राइडे को ईसाइ धर्म के लोग बड़ी धूमधाम से मनाते है। ईसाइयों के घरों में गुड फ्राइडे के 40 दिन पहले से ही प्रार्थना और व्रत रखने शुरू हो जाते हैं। इस व्रत में ये शाकाहारी खाना खाते हैं। 40 दिन बाद जब उपवास ख़त्म होता है तो लोग गुड फ्राइडे के दिन चर्च जाते हैं और अपने ईसा मसीह को याद कर शोक मनाते हैं। इसी के साथ गुड फ्राइडे के दिन ईसा के अंतिम सात वाक्यों की विशेष व्याख्या की जाती है जो क्षमा, मेल-मिलाप, सहायता और त्याग पर केंद्रित होती है।