Global Handwashing Day: हाथों को साफ करने के लिए सैनिटाइजर या साबुन क्या है बेस्ट, जानिए
Global Handwashing Day बीमारियों से बचना है तो हाथों को बार-बार वॉश करें वरना सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। हाथ वॉश करने के लिए साबुन हैंड वॉश या सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया जा सकता है। विशेषज्ञ के मुताबिक हाथों को कीटाणुरहित करने के लिए साबुन बेस्ट है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे के मौके पर लोगों के लिए जितना ये जानना जरुरी है कि हाथ धोने के फायदे क्या है? और कैसे हाथों को धोया जाता है? उतना ही ये भी जानना जरूरी है कि हाथ धोने के लिए किस चीज का इस्तेमाल किया जाएं। साबुन या सैनिटाइजर दोनों में क्या बेहतर है।
कोरोनावायरस लोगों के लिए सबसे बड़ा सिर दर्द है, जिसकी वजह से लोगों का जीना मुहाल है। इस बीमारी से महफूज रहने के लिए डॉक्टरों ने सुझाव दिया है, जहां तक संभव हो हाथों को बार-बार वॉश करें, वरना सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। हाथ वॉश करने के लिए साबुन, हैंड वॉश या सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया जा सकता है। आइए जानते हैं कि हाथों को कीटाणुरहित करने के लिए बेहतर उपाय क्या है?
हाथों को कीटाणुरहित करने के लिए सैनिटाइजर का इस्तेमाल:
कोरोना संक्रमण ने हैंड सैनिटाइजर की डिमांड को बढ़ा दिया है। डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक हाथों से वायरस को मारने के लिए सैनिटाइजर उपयोगी है। हैंड सेनिटाइजर में अगर 60 प्रतिशत अल्कोहल की मात्रा हो तो ऐसा सैनिटाइजर हाथों के लिए बेस्ट है। लेकिन आप जानते हैं सैनिटाइजर का ज्यादा इस्तेमाल भी हाथों के लिए हानिकारक है। हैंड सैनिटाइजर में ट्राइक्लोसान नाम का एक केमिकल यानी रसायन होता है। इस केमिकल को हाथ की त्वचा सोख लेती है। इसका ज्यादा इस्तेमाल करने से यह केमिकल हमारे ब्लड तक भी पहुंच सकता है और ब्लड में मिलने के लिए बाद यह हमारी मांसपेशियों को नुकसान पहुंचाता है।
अल्कोहल-बेस्ड हैंड सैनिटाइजर हाथों की हाइजीन के लिए तब बेहतर विकल्प है जब आप घर से बाहर है और हाथों को धोने के लिए साबुन पानी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में सैनिटाइजर साथ में रखना चाहिए।
डॉक्टर और विशेषज्ञ हाथों को कीटाणुरहित करने के लिए हैंड सैनिटाइजर से बेहतर साबुन का इस्तेमाल मानते हैं।
साबुन सैनिटाइजर से बेहतर क्यों है?
साबुन और गुनगुने पानी से हाथ धोना सेनिटाइजर से बेहतर माना जाता है। सैनिटाइज़र तथा साबुन दोनों ही वायरस को मारते हैं, लेकिन साबुन से हाथों को किसी तरह का नुकसान होने का डर नहीं रहता।
साबुन वायरस को प्रभावी तरीके से धो देता है, हाथों को 20 सेकंड साबुन से वॉश करने से हाथों से वायरस का सफाया हो जाता है।
साबुन में फैट जैसे पदार्थ होते हैं जो वायरस से लड़ने में अधिक सक्षम होते हैं। साबुन हाथ की स्किन और वायरस के बीच परत बनाने का काम भी करता है। साबुन से धोने पर वायरस का खतरा पूरी तरह मिट जाता है। ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे के मौके पर आप भी हाथों की सफाई का रखें ख्याल तभी आप बीमारियों से रह सकते हैं महफूज।
Written By: Shahina Noor