Gandhi Jayanti 2019 Celebration Ideas: गांधी जयंती को इन यूनिक आइडियाज़ के साथ करें सेलिब्रेट
Gandhi Jayanti 2019 Celebration Ideas गांधी जयंती सेलिब्रेशन के लिए आइडियाज़ की कर रहे हैं तलाश तो एक नज़र डालें यहां। जो यूनिक होने के साथ ही हम सब के विकास में भी जरूरी है।
गांधी जी मानव सेवा को ही सच्ची पूजा मानते थे। उनके अनुसार ब्राह्य और आतंरिक विकारों से मुक्तमन ही अध्यात्म की ओर अग्रसर हो सकता है। उनका जीवन दर्शन आज भी उतना ही व्यावहारिक और प्रासंगिक है। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती(2 अक्टूबर) पर उनके जीवन और विचारों पर आधारित विशेष आयोजन कर सकते हैं।
स्वच्छता का संदेश
महामानव गांधीजी मानव, देश-समाज की सेवा को ही अपना धर्म और अध्यात्म मानते थे। उन्होंने देश को आत्मा से लेकर शौचालय तक साफ रखने का संदेश दिया। वे कहते थे कि ईश्वर भी सफाई पसंद है इसलिए न सिर्फ मन के विकार, बल्कि अपने आस-पास की गंदगी को भी दूर करें। तो इस दिन अपने आस-पास साफ-सफाई का प्लान बनाएं जिसमें ज्यादा से ज्यादा लोगों को शामिल करें। उन्हें सफाई का महत्व बताएं और इसके लिए प्रेरित भी करें।
निर्भयता के साथ अहिंसा
गांधी सत्य और अहिंसा को आत्म साक्षात्कार का माध्यम मानते थे। उनके अनुसार, जब तक आपका मन निर्भय नहीं होगा, तब तक अहिंसा नहीं आ सकती। मन ही मन हिंसा का भाव रखने की अपेक्षा खुलकर हिंसा की जाए, तो भी वह कम हिंसा ही मानी जाएगी। मानसिक अहिंसा ही मुख्य अहिंसा है और वह बिना निर्भयता के नहीं आ सकती है। बापू देश की स्वतंत्रता और आध्यात्मिक विकास दोनों को साथ-साथ साधते थे। तो नुक्कड़ नाटक द्वारा आप लोगों तक उनका ये संदेश पहुंचा सकते हैं। स्कूल में बच्चों को उनके यादगार जीवन प्रसंग को बताकर इस दिन को सेलिब्रेट कर सकते हैं।
खादी का प्रचार-प्रसार कर
खादी से देश को रूबरू कराने वाले गांधी जी ही थे। जो आज फैशन इंडस्ट्री का खास हिस्सा बन चुका है तो इस दिन खादी के वस्त्र पहनें। स्कूलों में बच्चों को खादी के कपड़े से कुछ हैंडीक्राफ्ट बनाने का टास्क दें। फिर चाहे वो बैग्स हो, स्कॉर्फ, वॉल हैंगिंग या फिर डॉल।
शांति यात्रा निकालें
दांडी मार्च की तरह आप शांति यात्रा निकालें। गांधी जी के संदेशों, उनके विचारों को पोस्टर्स पर लिखें और उसे प्रचारित करें। गांधी जी के ऐसे कई सारे विचार हैं जिससे हर कोई अवगत नहीं, तो यही सही मौका है। कैसे बिना किसी को परेशान किए हुए, अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए जीवन व्यतीत किया जा सकता है।
वातावरण को बनाएं हरा-भरा
गांधी जयंती के मौके पर वातावरण को हरा-भरा बनाने का संकल्प लें। अपने आस-पास जहां मुमकिन हो पेड़-पौधे लगाएं। जो हमारे आने वाले भविष्य के लिए बहुत ही अच्छी पहल होगी। पेड़-पौधे वातावरण को शुद्ध बनाने का काम करते हैं। तो गांधी जयंती को सेलिब्रेट करने का इससे अच्छा आइडिया और क्या हो सकता है।