लॉकडाउन में छूट के बाद विदेशों में युवा पर्यटकों और लोगों की मस्ती से परेशान हुई पुलिस
इस वीकेंड समुद्र तट नदी का किनारा पब बार पार्क और सड़कों पर खचाखच लोगों की भीड़ उमड़ी। सोशल डिस्टैंसिंग को दरकिनार कर लोग मस्ती में झूमें और पुलिस उन्हें रोकने में नाकाम रही।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कहा है कि हम अनलॉक-1 में ज्यादा लापरवाह हो गए, जिसके कारण कोरोना और तेजी से बढ़ने लगा है। यह लापरवाही अपने देश में ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार लंदन में भी परेशानी का कारण बन चुकी है। शनिवार और रविवार को वीकेंड के मौके पर लंदन के युवा इस कदर हुड़दंग करने लगे कि सोशल डिस्टैंसिंग तो दूर, अनैतिक गतिविधियों को भी धड़ल्ले से अंजाम दिया जाने लगा। पुलिस ने उनपर काबू पाने के लिए भरपूर कोशिश की, लेकिन वे युवाओं को रोकने में फेल रही। दरअसल, ढ़ाई महीने के लॉकडाउन के बाद लंदन में जब थोड़ी सी छूट दी गई, तब दो सप्ताह तो यहां के लोगों ने संयम से काम लिया, लेकिन इस वीकेंड में उनके सब्र का पैमाना टूट गया।
गैर-कानूनी रेव पार्टी
दरअसल, ब्रिटेन के लोगों के लिए रविवार को ड्रिकिंग करना पसंदीदा चीज है। इसलिए दो महीने बाद जब इन्हें मौका मिला, तो लंदन के सारे पब और बार खचाखच लोगों से भर गए। इस वीकेंड समुद्र तट, नदी का किनारा, पब, बार, पार्क और सड़कों पर खचाखच लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां तक कि लोग अवैध रेव पार्टी भी करने लगे। पुलिस ने शहर के कई बार, पब इत्यादि को जबरन बंद करवाना पड़ा। इसके बावजूद शनिवार और रविवार को यहां के लोग अनैतिक पार्टी करने से बाज नहीं आए। शराब के नशे में सड़कों पर हुड़दंग मचाने लगे। कई बेपरवाह लोग तो सड़क पर नंगे नाचने लगे।
सोशल डिस्टैंसिंग की धज्जियां
उत्तरी लंदन में पुलिस ने जब बलप्रयोग किया तो कई जगहों पर युवाओं के साथ इनकी झड़पें हो गईं। पुलिस ने कई अवैध संगीत कार्यक्रमों को बंद कर दिया। लेट नाइट रेव पार्टी में कई लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया। यंगस्टर्स की इन मस्ती में सोशल डिस्टैंसिंग की धज्जियां उड़ते देखी गईं। लंदन के सोहो की गलियों में सबसे ज्यादा भीड़ देखी गई। यहां के बीयर गार्डेन और बार खचाखच भरे थे। पूरी रात तक लोगों ने यहां उधम मचाया। जगह-जगह बीयर और शराब की बोतलें बिखरी पड़ी थीं।
पुलिस बेदम
पुलिस फेडरेशन के चेयरमेन जॉन आप्टर ने इस अनैतिक गतिविधियों को याद करते हुए बताया कि साउथम्पटन में पुलिस को कई असाधारण चीजों से निपटना पड़ा। शराब के नशे में धुत गंदे और गुस्साएं लोगों को काबू में करना बेहद मुश्किल था। लेकिन सबसे बड़ी दिक्कत शराब के नशे में न्यूड हो रहे लोगों को कपड़े पहनाने में हुई। उन्होंने कहा कि इस उन्माद भरी भीड़ को में सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करवाना बहुत ही मुश्किल था।
Written By Shahina Noor