Republic Day 2023: आज इन 5 मज़ेदार तरीकों से मनाएं गणतंत्र दिवस
2023 Republic Day Indiaआज देशभर में धूमधाम से गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है और आज के दिन ज़्यादातर लोग छुट्टी के मूड में होते हैं। इस साल को क्यों न गणतंत्र दिवस को खास बनाएं और इस दिन परिवार या फिर दोस्तों के साथ मिलकर कुछ एक्टिविटीज़ करें।
नई दिल्ली, लाइफ्स्टाइल डेस्क। Republic Day 2023: आज देशभर में रिपब्लिक डे मनाया जा रहा है। हर साल 26 जनवरी के दिन गणतंत्र दिवस बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। कोरोना वायरस महामारी के चलते पिछले कुछ सालों में इसकी धूम कुछ कम रही। हालांकि, इस साल कोविड का डर कुछ कम हुआ है, तो राजपथ पर जाकर भी परेड का आनंद उठाया जा सकता है।
गणतंत्र दिवस का दिन भारत के लिए ऐतिहासिक रहा है, जो संविधान के लागू होने का प्रतीक है। इस महत्वपूर्ण दिन पर देशभर में छुट्टी मनाई जाती है। जब बात आती है छुट्टी कि, तो इसके साथ आता है आलस और देर तक सोने की चाह। अगर आप हर साल गणतंत्र दिवस देर तक सो कर मनाते हैं, तो क्यों न इस साल इस छुट्टी के दिन को बेहतर तरीके से बिताया जाए?
आप इस साल आलस को छोड़ कुछ एक्टिविटीज़ कर सकते हैं, जिससे आप अंदर से अच्छा महसूस करेंगे। ज़रूरी नहीं कि आपको कुछ बड़ा करना है, आप छोटी-छोटी चीज़ें कर अपने दिन को ख़ास बना सकते हैं। तो आइए जानें वो 5 चीज़ें जो आप इस दिन कर सकते हैं।
1. गणतंत्र दिवस की परेड देखें
अगर आप दिल्ली में हैं, तो सुबह-सुबह उठें, राजपथ जाएं और हमारे सैनिकों को राष्ट्र के प्रति सम्मान के लिए मार्च करते हुए देखें। इसके अलावा आप परेड घर बैठकर भी देख सकते हैं। टीवी पर परेड देखते हुए आप परिवार के साथ बैठकर ख़ास नाश्ता बनाकर खा सकते हैं।
2. ऐतिहासिक स्मारक पर जाएं
आप इस मौके को खास बनाने और छुट्टी का फायदा उठाने के लिए ऐतिहासिक स्मारकों की सैर पर जा सकते हैं। स्मारक घूमने के बाद आप परिवार के साथ लंच कर सकते हैं। जानें से पहले चेक भी कर लें कि ऐतिहासिक स्मारक खुले हैं या नहीं।
3. देखें देशभक्ति पर फिल्में
अगर आपका घर से बाहर निकलने का मूड नहीं है, तो आप परिवार के साथ बैठकर कोई अच्छी फिल्म देख सकते हैं। बॉलीवुड में देशभक्ति पर कई फिल्में बनी हैं। बॉर्डर, लक्ष्य, रंग दे बसंती, बेबी, उरी से लेकर आर्टिकल-15 और सरदार उधम सिंह तक, आप इनमें से चुन सकते हैं।
4. तैयार हों और परिवार के साथ फोटोशूट करें
इस मौके पर क्यों न तिरंगे के रंग के कपड़े पहनें और सबके साथ तस्वीरें खिचवाएं। आप अपने परिवार या दोस्तों को खास आउटफिट्स पहनने के लिए कह सकते हैं और फिर साथ में फोटोशूट कर सकते हैं। यह तस्वीरें आपको ज़िंदगी भर इन खास पलों की याद दिलाएंगी।
5. तिरंगे के रंग का खाना पकाएं
आप इस मौके पर परिवार के साथ झंडे के तीन रंगों वाली कोई डिश तैयार कर सकते हैं। इसमें केक, पूड़ियां, पुलाव, इडली जैसे कुछ ऑप्शन्स आसान हैं। इस डिशेज़ को तैयार करने की विधि आपको ऑनलाइन मिल जाएगी।