विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिर्फ मानसून को न दें दोष! ये 4 चीजें भी बनती हैं सांपों के घर में घुसने की वजह, ऐसे करें अपना बचाव

Published: Tue, 08 Sep 2026 06:07 PM (IST)Updated: Thu, 10 Sep 2026 10:14 AM (IST)

क्या आपने कभी सोचा है कि खेतों और घनी झाड़ियों में आजाद घूमने वाले सांप अचानक इंसानी घरों का रुख क्यों करते हैं?

बारिश में अचानक घरों में क्यों दिखने लगते हैं सांप? (Image Source: AI-Generated)

बारिश में अचानक घरों में क्यों दिखने लगते हैं सांप? (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून सिर्फ सुहावने मौसम का ही नहीं, बल्कि जूतों, बाथरूम या घर के अंधेरे कोनों में छिपे सांपों से सामना होने का भी मौसम है। जी हां, हर साल बारिश के दिनों में ऐसी खौफनाक खबरें हमें डरा देती हैं।

हालांकि, सवाल यह है कि हरी-भरी झाड़ियों को छोड़कर ये जीव कंक्रीट की इमारतों में क्यों घुस आते हैं? क्या वे सिर्फ सुरक्षित ठिकाने की तलाश में होते हैं, या फिर हमारे रहन-सहन का कोई तरीका उन्हें हमारी तरफ खींच रहा है? आइए जानते हैं कि आखिर मानसून में सांप हमारे घरों का रास्ता क्यों नापने लगते हैं।

पानी से भर जाते हैं इनके बिल

सांप आमतौर पर जमीन के अंदर बने चूहों के पुराने बिलों या दरारों में रहते हैं। जब लगातार तेज बारिश होती है, तो उनके बिलों में पानी भर जाता है। ऐसे में, अपनी जान बचाने और एक सूखी जगह की तलाश में उन्हें मजबूरी में बाहर निकलना पड़ता है। इंसानों के पक्के और सूखे घर उनके लिए एक सुरक्षित ठिकाना बन जाते हैं।

चूहों और मेढकों की दावत

सांपों का सबसे पसंदीदा भोजन चूहे और मेढक होते हैं। बारिश के दौरान चूहे भी भीगने से बचने के लिए हमारे घरों के स्टोर रूम, किचन या गैराज में डेरा जमा लेते हैं। जहां चूहे होंगे, वहां उनके पीछे-पीछे शिकार की तलाश में सांप का आना लगभग तय है। यानी, अगर आपके घर में चूहे हैं, तो वो अनजाने में सांपों को आपके घर की ओर आकर्षित कर रहे हैं।

गर्म जगह की चाहत

सांप कोल्ड ब्लडेड जीव होते हैं, जिसका मतलब है कि वे अपने शरीर का तापमान खुद नियंत्रित नहीं कर सकते। बारिश के मौसम में जब ठंडक बढ़ती है, तो उन्हें अपने शरीर को गर्म रखने के लिए किसी सूखी और गर्माहट वाली जगह की जरूरत होती है। घरों के अंदर रखे पुराने गद्दे, जूतों के रैक, इन्वर्टर की बैटरी के आस-पास की जगह या लकड़ियों का ढेर उन्हें छिपने के लिए एकदम सही माहौल देते हैं।

कबाड़ और अंधेरे कोने

सांप इंसानों की नजरों से दूर अंधेरे में रहना पसंद करते हैं। अगर आपके घर के आसपास, छत पर या गार्डन में पुराना कबाड़, टूटे गमले, ईंटों का ढेर या घनी झाड़ियां हैं, तो यह सांपों के छिपने के लिए किसी लग्जरी जगह से कम नहीं है।

सांपों को घर से दूर रखने के आसान तरीके

  • चूहों का सफाया करें: घर में चूहों को बिल्कुल न पनपने दें। चूहों को भगाने वाली दवा या पिंजरे का इस्तेमाल करें।
  • रास्ते बंद करें: दरवाजों के नीचे की खाली जगह, बाथरूम की नालियों, टूटी हुई जालियों या दीवारों की दरारों को अच्छी तरह सीमेंट या जाली से बंद कर दें।
  • कबाड़ हटाएं: घर के अंदर या बाहर कबाड़, लकड़ियों का ढेर या सूखे पत्तों का कचरा जमा न होने दें। आस-पास की झाड़ियों को भी नियमित रूप से काटते रहें।
  • जूते हमेशा झाड़कर पहनें: मानसून के दिनों में बाहर रखे बंद जूतों को पहनने से पहले हमेशा उन्हें उल्टा करके अच्छी तरह ठोक कर झाड़ लें।

सांप जानबूझकर इंसानों को नुकसान नहीं पहुंचाते, वे तो बस आसरे और खाने की तलाश में भटकते हुए आ जाते हैं। मानसून में थोड़ी-सी सतर्कता और साफ-सफाई रखकर आप इन बिन बुलाए मेहमानों को अपने घर से दूर रख सकते हैं।

यह भी पढ़ें- किचन से लेकर बेडरूम तक, क्या आपके घर में भी चींटियों ने मचा रखा है आतंक? 5 तरीकों से पाएं छुटकारा

यह भी पढ़ें- कॉकरोच ने नाक में कर रखा है दम, तो आजमाएं 5 घरेलू नुस्‍खे; घर से दुम दबाकर भाग जाएंगे सारे त‍िलचट्टे