विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महंगे शौक और दिखावा हुआ पुराना, Gen-Z के बीच लाउड बजटिंग है नया कूल; खुलकर दोस्तों से कर रहे हैं पैसों की बात

Published: Fri, 09 Oct 2026 08:48 AM (GMT+05:30)

सोशल मीडिया पर महंगे शौक दिखाने के पुराने ट्रेंड की जगह अब 'लाउड बजटिंग' का नया चलन युवाओं, खासकर जेन-जी के बीच मशहूर हो रहा है।

क्या है लाउड बजटिंग का ट्रेंड? (AI Generated Image)

क्या है लाउड बजटिंग का ट्रेंड? (AI Generated Image)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर कुछ समय पहले तक ऐसे ट्रेंड का चलन था, जिसमें लोग अपने पैसे या महंगे शौक को खुलकर दिखा रहे थे। लेकिन अब इंटरनेट पर युवाओं के बीच एक दूसरा ट्रेंड चालू हो गया है, जो इससे बिल्कुल उल्टा है। इसे लाउड बजटिंग कहते हैं। 

ये ट्रेंड युवाओं, खासकर जेन-जी को काफी पसंद आ रहा है। इसलिए ये सिर्फ अब इंटरनेट ट्रेंड नहीं रहा है, बल्कि लोगों की जिदंगी का हिस्सा भी बन रहा है। आइए जानें लाउड बजटिंग होता क्या है और क्यों जेन-जी इसे इतना पसंद कर रही है। 

क्या है लाउड बजटिंग?

लाउड बजटिंग का मतलब होता है अपनी आर्थिक सीमाओं और बजट के बारे में दूसरों से खुलकर, बिना किसी झिझक या शर्म के बात करना। इसे ऐसे समझिए, पहले दोस्त के साथ किसी महंगे रेस्टोरेंट में डिनर, कॉन्सर्ट या ट्रिप का प्लान बनता था और पैसे नहीं होते, तो व्यक्ति को झूठा बहाना बना देता था। 

सीधे तौर पर ये कहना कि पैसे नहीं हैं या इस चीज पर पैसे खर्च नहीं करना चाहता, काफी शर्मिंदगी भरा लगता था। हालांकि, लाउड बजटिंग में ऐसा नहीं होता। इसमें व्यक्ति खुलकर अपनी आर्थिक तंगी या सेविंग गोल्स के बारे में बात कर सकता है। इसलिए बहाना बनाने के बजाय अब लोग कह रहे हैं कि ये मेरे बजट से बाहर है या मुझे मेरे सेविंग गोल्स पूरे करने हैं।

लाउड बजटिंग का कंजूसी से कोई लेना-देना नहीं है। इस ट्रेंड में व्यक्ति सोच-समझकर खर्च करता है और अपनी प्रायोरिटीज के हिसाब से बजट प्लान करता है। 

जेन-जी क्यों पसंद कर रहा है ये ट्रेंड?

सोशल मीडिया पर अक्सर दूसरों की लग्जरी लाइफ को देखकर फोमो महसूस होता है, लेकिन लाउड बजटिंग ने इसे कम कर दिया है। अब ज्यादा लोग अपने बजट के बारे में खुलकर बात कर रहे हैं। इससे सोशल मीडिया पर हमेशा कूल या अमीर दिखने का प्रेशर कम हुआ है। 

दूसरा कारण ये भी है कि जेन-जी बनावटीपन को बाय-बाय कह रही है। ये पीढ़ी दिखावा करने के बजाय अपने बजट के बारे में खुलकर बात कर रहे हैं और बाउंड्री सेट कर रहे हैं। साथ ही, लाउड बजटिंग से इंवेस्टिंग, इमरजेंसी फंड या ट्रैवल फंड जैसी चीजों के लिए पैसे बचाना आसान हो जाता है। 

लाउड बजटिंग से दूसरों को इंप्रेस करने के लिए बेफिजूल के पैसे खर्च करना या क्रेडिट कार्ड का बिल बढ़ाने जैसी चिंताएं भी कम होती हैं। इन्हीं वजहों से जेन-जी लाउड बजटिंग का ट्रेंड खुलकर अपना रही है।