विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जिसे बॉलीवुड का सुपरहिट गाना समझ रहे हैं, वो है एक पुराना राजस्थानी लोकगीत; आज भी है डीजे की पहली पसंद

Published: Sat, 27 Jun 2026 03:40 PM (IST)Updated: Mon, 29 Jun 2026 10:40 AM (IST)

पल्लो लटके गाना आपने बॉलीवुड की फिल्म शादी में जरूर आना में सुना होगा, लेकिन असल में ये एक राजस्थानी लोकगीत है।

बॉलीवुड का हिट गाना पल्लो लटके है राजस्थानी लोकगीत (AI Generated Image)

बॉलीवुड का हिट गाना पल्लो लटके है राजस्थानी लोकगीत (AI Generated Image)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आपने पल्लो लटके गाना तो जरूर सुना होगा। ये गाना बॉलीवुड की भी कई फिल्मों में फिल्माया गया है और काफी हिट भी हुआ, लेकिन क्या आप जानते हैं ये गाना असल में बॉलीवुड का है ही नहीं। 

दरअसल, पल्लो लटके गाना एक राजस्थानी लोकगीत है। इस लोकगीत की धुन इतनी मजेदार है कि बॉलीवुड ने इस गाने का रीमिक्स बनाकर फिल्मों में इस्तेमाल किया और हर बार यह गाना उतना ही हिट हुआ। आइए जानें मशहूर राजस्थानी लोकगीत के हिट बॉलीवुड सॉन्ग बनने की कहानी।    

राजस्थानी पहनावे से बना ये लोकगीत

पल्लो लटके, गोरी को पल्लो लटके राजस्थान के शेखावाटी, माड़वाड़ और ढूंढ़ाड़ क्षेत्रों में पीढ़ी दर पीढ़ी गाया जाता आया है। इस गीत की रचना किसने की थी, इसका कोई प्रमाण नहीं मिलता, लेकिन यह राजस्थान की लोक संस्कृति में ऐसा रच-बस चुका है कि ये हर शादी-ब्याह के अवसर पर गाया जाता है। 

देखा जाए, तो यह लोकगीत राजस्थान की घूंघट प्रथा और वहां के पारंपरिक पहनावे से गहरा कनेक्शन रखता है। राजस्थानी महिलाओं के पहनावे में ओढ़नी का खास महत्व है। इस ओढ़नी के किनारे को पल्ला कहा जाता है। हवा के कारण महिला की ओढ़नी का पल्ला खिसक गया है और इसी नजारे को लोक कवियों ने इस लोकगीत में रचा है। 

खुशी और छेड़छाड़

पल्लो लटके गीत शृंगार और हास्य रंग का लोकगीत है। इस गीत में प्रेमी-प्रेमिका मीठी नोंक-झोंक से एक-दूसरे को छेड़ रहे हैं। पारंपरिक रूप से इसे महिलाएं इस गीत को गाती हैं और नृत्य करती हैं। इस लोकगीत को कई अलग-अलग लिरिक्स के साथ गाया जाता है।  

इस लोकगीत की खासियत यही है कि इसका मूल ढांचा इतना बेहतरीन है कि इसके लिरिक्स में थोड़ी हेर-फेर करने के बाद भी यह गाना किसी को भी अपनी धुन पर नाचने के लिए मजबूर कर सकता है। 

बॉलीवुड में पल्लो लटके की धूम

इस लोकगीत को बॉलीवुड में कई बार इस्तेमाल किया गया है। साल 1979 में आई फिल्म नौकर में जया बच्चन और संजीव कुमार पर यह गाना फिल्माया गया था। इस फिल्म में इस गाने को आशा भोसले और किशोर कुमार ने अपनी आवाज दी थी। इसके बाद साल 2017 में राजकुमार राव और कीर्ति खरबंदा की फिल्म शादी में जरूर आना में भी इस गाने के रीमिक्स का इस्तेमाल किया गया है, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया था।