इस Valentine's Day महंगे तोहफे नहीं, इन 5 हैंडमेड गिफ्ट्स से जीतें पार्टनर का दिल
वैलेंटाइन डे नजदीक है और बाजार महंगे तोहफों, बड़े-बड़े बुके और फैंसी चॉकलेट्स से सज गए हैं। अक्सर हमें लगता ...और पढ़ें

इन 5 क्यूट DIY गिफ्ट्स से बनाएं Valentine's Day को यादगार (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सबसे कीमती तोहफा वह नहीं जो किसी दुकान से खरीदा गया हो, बल्कि वह है जिसमें आपका 'वक्त', आपकी 'मेहनत' और आपका 'प्यार' लगा हो। जब आप खुद कुछ बनाते हैं, तो वह आपके पार्टनर को बताता है कि वे आपके लिए कितने खास हैं।
इस वैलेंटाइन 14 फरवरी को अपनी जेब ढीली करने के बजाय, अपनी क्रिएटिविटी का इस्तेमाल करें। आपके काम को आसान बनाने के लिए इस आर्टिकल में 5 हैंडमेड गिफ्ट आइडियाज (DIY Valentine’s Day Gifts 2026) हैं जो न सिर्फ आपके पार्टनर को सरप्राइज देंगे, बल्कि उनके चेहरे पर एक प्यारी-सी मुस्कान भी लाएंगे।

(Image Source: AI-Generated)
'ओपन व्हेन' लेटर्स
यह एक ऐसा तोहफा है जो वैलेंटाइन डे के बाद भी महीनों तक चलता रहेगा। आपको बस कुछ लिफाफे लेने हैं और उन पर अलग-अलग मौके लिखने हैं। जैसे- "इसे तब खोलना जब तुम उदास हो", "इसे तब खोलना जब मुझे मिस कर रहे हो", या "इसे तब खोलना जब हमें हंसे हुए बहुत दिन हो गए हों"। हर लिफाफे के अंदर एक प्यारी-सी चिट्ठी या कोई पुरानी फोटो डाल दें। यह उन्हें हमेशा आपके करीब होने का अहसास दिलाएगा।
यादों का जार
एक खाली कांच का जार लें और उसे रिबन या पेंट से सजाएं। अब रंग-बिरंगे कागज की छोटी-छोटी पर्चियां बनाएं। हर पर्ची पर अपनी रिश्ते से जुड़ी कोई खास बात लिखें- जैसे आपकी पहली मुलाकात, उनका वो मजाक जिस पर आपको हंसी आई थी, या वो वजहें कि आप उनसे इतना प्यार क्यों करते हैं। इसे "365 Reasons Why I Love You" का नाम दें। उन्हें हर सुबह एक पर्ची पढ़ने को कहें, ताकि उनके दिन की शुरुआत आपके प्यार के साथ हो।
आपकी अपनी फोटो-स्टोरी
आजकल सारी फोटो मोबाइल की गैलरी में ही रह जाती हैं। इस बार उन्हें बाहर निकालें। अपनी और उनकी कुछ सबसे अच्छी और मजेदार फोटो प्रिंट कराएं। एक डायरी या स्क्रैपबुक लें और उसमें फोटो चिपकाएं। सिर्फ फोटो ही नहीं, उसके साथ उस दिन की तारीख और उससे जुड़ी कोई छोटी-सी कहानी या शेर भी लिखें। यह पन्नों पर बिखरी आपकी लव स्टोरी होगी, जिसे वे बार-बार पलटना चाहेंगे।
हाथ से बने 'लव कूपन्स'
यह थोड़ा शरारती और बहुत ही मजेदार आइडिया है। आप कागज के छोटे टुकड़ों पर खुद कूपन बना सकते हैं जो आपका पार्टनर कभी भी इस्तेमाल कर सकता है। जैसे- "एक फ्री बैक मसाज", "आज की मूवी तुम्हारी पसंद की", "आज बर्तनों की धुलाई मेरी तरफ से" या "बिना सवाल किए एक माफी"। यह गिफ्ट आपके रिश्ते में रोमांस के साथ-साथ थोड़ी मस्ती भी भर देगा।
घर पर 'कैंडल लाइट डिनर'
किसी महंगे रेस्टोरेंट में भीड़-भाड़ के बीच खाना खाने से बेहतर है अपने घर का सुकून। अगर आपको खाना बनाना आता है, तो उनकी पसंद की डिश बनाएं। अगर नहीं आता, तो यूट्यूब देखकर कुछ आसान-सा ट्राई करें। यकीन मानिए, आपके हाथ के जले हुए टोस्ट में भी उन्हें प्यार का स्वाद आएगा। कमरे में हल्की रोशनी करें, धीमा म्यूजिक बजाएं और घर पर ही एक रोमांटिक डेट का माहौल बनाएं।
याद रखें, वैलेंटाइन डे सिर्फ एक दिन नहीं है, बल्कि एक मौका है अपने पार्टनर को यह बताने का कि वे आपकी जिंदगी में क्या मायने रखते हैं। बाजार की महंगी चीजें टूट सकती हैं या पुरानी हो सकती हैं, लेकिन ये हाथ से बनाए हुए तोहफे और इनमें छिपी भावनाएं हमेशा उनके दिल में ताजा रहेंगी।
