बिजी लाइफस्टाइल में भी सेहतमंद बने रहने के लिए इस एक टिप का न करें अवॉयड
व्यायाम का समय न मिल पाना कामकाजी लोगों की आम शिकायत है। सो काम के घंटों के बीच ही व्यायाम के लिए थोड़ा सा समय निकाल कर हम स्वयं को स्वस्थ और सुडौल रख सकते हैं।
व्यस्त दिनचर्या के कारण व्यायाम का समय न मिल पाना कामकाजी लोगों की आम शिकायत है। नतीजतन, अधिसंख्य लोग युवावस्था में ही पीठ और कमर के दर्द, जोड़ों में सूजन, मोटापे, रक्तचाप में गड़बड़ी तथा हृदयरोग जैसी व्याधियों के आसान शिकार बन जाते हैं। स्वस्थ रहना इतना मुश्किल (..और समय लेने वाला) नहीं है जितना हम सोचते है। काम के घंटों के बीच ही व्यायाम के लिए थोड़ा सा समय निकालकर हम स्वयं को स्वस्थ और सुडौल रख सकते हैं। तो क्या आप लंच के खाली समय में सहकर्मियों से बातें करने अथवा किताब पढ़ने के स्थान पर हल्की-फुल्की कसरत के लिए तैयार हैं?
लंच में व्यायाम
आजकल हल्की-फुल्की कसरत के रूप में तेज चाल को काफी पसंद किया जा रहा है। इसे अकेले या समूह के साथ किया जा सकता है। तेज चलने से प्रति घंटा 600 से 1200 किलोजूल तक ऊर्जा खर्च होती है। बड़े शहरों में दोपहर को काम के बीच समय निकाल कर जिम अथवा एरोबिक क्लासेज जाने, तैराकी, टेनिस खेलने या केवल एक ही स्थान पर दौड़ने का चलन तेजी से बढ़ा है। कॉरपोरेट घराने अपने कर्मचारियों को इस उद्देश्य के लिए सहर्ष बढ़ावा दे रहे हैं क्योंकि इससे न केवल कर्मचारियों का स्वास्थ्य बल्कि टीम भावना भी बेहतर होती है।
लंच के खाली समय में आप ऐसी ही कुछ आसान सी कसरतें कर सकते हैं। यह न केवल स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से लाभदायक हैं बल्कि इनसे आप चुस्त-दुरुस्त और अधिक सतर्क भी महसूस करेंगे। सोने से पहले
थकान भरी दिनचर्या के बाद रात को सीधे आरामदेह बिस्तर पर मीठी नींद सो जाने का मन होता है। लेकिन काश ऐसा हो पाता, दिनभर के तनाव के कारण अक्सर रात को भी बदन टूटता है और नींद भी उचटी-उचटी सी रहती है। सो, सोने के पहले किया गया व्यायाम आपको तनावमुक्त करके अगली सुबह तरोताजा उठने के लिए तैयार करता है।
रात्रि में सोने से पूर्व निम्न हल्के-फुल्के व्यायाम किए जा सकते हैं-
सिर को घुमाना: अपने सिर को पहले आराम से घड़ी की सुइयों की दिशा में घुमाएं, फिर इसे घड़ी की सुइयों की दिशा के विपरीत घुमाएं। यह व्यायाम तीन बार दोहराएं। यह ध्यान रखें कि इस व्यायाम के समय शीर्ष बिंदु पर गर्दन सीधी रहे।
कंधों को घुमाना: पहले अपने दाएं कंधे को तीन बार घड़ी की सुइयों की दिशा में घुमाएं, फिर बाएं कंधे को भी तीन बार घड़ी की सुइयों की दिशा के विपरीत घुमाएं।
कलाई को मोड़ना: अपने दोनों हाथ उठाकर शरीर की सीध में लाएं। दाहिनी कलाई को घड़ी की सुइयों की दिशा में और बाई कलाई को घड़ी की सुइयों की दिशा के विपरीत घुमाएं। पांच बार करने के बाद इस कसरत का क्रम बदलकर फिर से पांच बार करें। ध्यान रखें कि इस बार बाई कलाई को घड़ी की सुइयों की दिशा में और दाहिनी कलाई को घड़ी की सुइयों की दिशा के विपरीत घुमाएं।